Last Updated:
बिलासपुर कोर्ट परिसर से चिट्टा तस्करी का आरोपी कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस ने डेढ़ घंटे के सर्च अभियान के बाद उसे दोबारा पकड़ा. दो पुलिसकर्मी सस्पेंड.
बिलासपुर. हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में सेशन कोर्ट परिसर में मंगलवार को अफरा-तफरी मच गई. यहां पर चिट्टा तस्करी मामले में गिरफ्तार आरोपी कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करने के लिए लेकर पहुंची थी. इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर अदालत की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी और वहां से भाग निकला. फिलहाल, मामले में दो पुलिस जवानों को सस्पेंड किया गया है.
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और आरोपी की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू कर दिया. पुलिस टीमों ने संभावित भागने वाले रास्तों पर नाकाबंदी करते हुए बस अड्डे की ओर जाने वाले मार्गों सहित आसपास के इलाकों को खंगाला.
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने ड्रोन की भी मदद ली, जिससे संभावित ठिकानों और छिपने वाली जगहों पर नजर रखी जा सके. करीब डेढ़ घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद पुलिस को सफलता मिली.
बताया जा रहा है कि आरोपी डियारा सेक्टर में सीवरेज पाइप के पास छिपा हुआ था, जहां से पुलिस ने उसे पकड़कर दोबारा हिरासत में ले लिया. पुलिस की कार्रवाई के चलते आरोपी ज्यादा देर तक फरार नहीं रह सका. घटना के बाद पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और आरोपी के फरार होने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है.
कुल्लू का रहने वाला था
पुलिस ने फोरलेन पर एक बस की जांच के दौरान कुल्लू के रहन वाले 32 वर्षीय चंद्रवीर को 12.58 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था. मंगलवार को सुबह पुलिस आरोपी को बिलासपुर न्यायालय में पेश करने स्वारघाट से लेकर पहुंची. इस दौरान आरोपी को अंदर बुलाया गया तो उसने कहा कि उसे उल्टी आ रही है और फिर पुलिसकर्मी उसे वॉशरूम की ओर ले जा रहे थे तो उसने छलांग लगा दी और फरार हो गया.