Last Updated:
Buxar News: बक्सर के एक सरकारी स्कूल में छात्राओं से छेड़खानी का वीडियो वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग का एक्शन सामने आया. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर दो शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया. डुमरांव प्रखंड के नथुनी अहिर के डेरा मध्य विद्यालय के शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद और अरविंद कुमार पर कार्रवाई की गई है.
बक्सर छात्रा कांड पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का एक्शन. (फाइल फोटो)
बक्सरः बिहार के बक्सर में छात्राओं से बदसलूकी और आपत्तिजनक वीडियो मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ा एक्शन लिया. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश के बाद डुमरांव प्रखंड के नथुनी अहिर के डेरा मध्य विद्यालय में तैनात दो शिक्षकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. विभागीय जांच में दोनों के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए. बर्खास्त शिक्षकों की पहचान वीरेंद्र प्रसाद और अरविंद कुमार के रूप में हुई है.
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया था. दोनों शिक्षकों पर छात्राओं के साथ छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने और ऑडियो के जरिए धमकी देने जैसे आरोप लगे थे. विभागीय जांच के दौरान इन आरोपों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई. जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने के बाद दोनों के खिलाफ सेवा से बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई.
पहले किए गए थे सस्पेंड
मामले में दोनों शिक्षकों को 2 सितंबर को सस्पेंड किया गया था. इसके अगले दिन यानी 3 सितंबर को उनके खिलाफ आरोप पत्र गठित कर विभागीय जांच शुरू की गई. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट अनुशासनिक प्राधिकार के सामने रखी गई. रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों की समीक्षा के बाद दोनों शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त करने का फैसला लिया गया. शिक्षा विभाग के फैसले के बाद दोनों शिक्षक अब सरकारी सेवा में नहीं रहेंगे. साथ ही उन्हें भविष्य में किसी सरकारी नौकरी में नियुक्ति के लिए भी अयोग्य घोषित किया गया है.
शिक्षा मंत्री ने दिए थे सख्त निर्देश
मामला सामने आने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बक्सर के डीएम और एसपी को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे. पुलिस को पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने और गिरफ्तारी के बाद मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए कराने के निर्देश दिए गए थे. इससे पहले अगस्त के अंत में मामले की शिकायत सामने आई थी. इसके बाद स्कूल में हंगामा हुआ और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. एक आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार की गिरफ्तारी की भी रिपोर्ट सामने आई थी, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही थी. शिक्षा विभाग ने अब विभागीय जांच के आधार पर दोनों शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया है. शिक्षा मंत्री ने कहा है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षक-छात्र मर्यादा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.