Last Updated:
Dhirendra Shastri News: छतरपुर के बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुंदेलखंड में भव्य रथ यात्रा निकालने जा रहे हैं. भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से यह यात्रा 11 अक्टूबर से शुरू होगी. 5 दिनों की इस यात्रा में बाबा करीब 500 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे और 5 जिलों को कवर करेंगे.
रथयात्रा की जानकारी देते बाबा बागेश्वर.
Chhatarpur News: छतरपुर के बागेश्वर बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर बड़ी यात्रा निकालने वाले हैं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना है. बागेश्वर बाबा ने इस हिंदू राष्ट्र वाली रथ यात्रा की पूरी जानकारी बागेश्वर धाम पर अपने भक्तों को संबोधित करते हुए दी है.
पैदल नहीं, रथ पर सवार होकर निकलेंगे बाबा
बागेश्वर बाबा की यह यात्रा पैदल नहीं होगी. यह एक रथ यात्रा होगी, जिस पर बाबा बागेश्वर रथ पर सवार होकर निकलेंगे. वह बुंदेलखंड के पांचों जिलों के भ्रमण पर निकलेंगे. यह भव्य रथ यात्रा मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के 5 जिलों में निकाली जाएगी. इन जिलों में छतरपुर, पन्ना, दमोह, सागर और टीकमगढ़ शामिल हैं.
11 अक्टूबर से शुरू होगी 500 किमी की यात्रा
यह यात्रा अगले महीने यानी अक्टूबर में शुरू होने वाली है. नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान इस रथ यात्रा का शुभारंभ होगा. यह यात्रा 11 अक्टूबर से शुरू होकर 5 दिन तक चलेगी. 5 दिन में 5 जिलों को कवर करते हुए यह रथ यात्रा करीब 500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी.
यात्रा का पूरा रूट
इस संबंध में बाबा बागेश्वर का एक वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें उन्होंने यात्रा के बारे में संपूर्ण जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि रथ यात्रा का रूट सबसे पहले पन्ना जिले के अमानगंज से शुरू होगा. इसके बाद यात्रा पवई, सागर, दमोह, हटा और टीकमगढ़ होते हुए वापस छतरपुर पहुंचेगी.
रात में होगा हनुमान चालीसा, हवन और शपथ
इस रथ यात्रा में संत, महंत, महात्मा और साधु-संतों का कमंडल विशेष रूप से शामिल होगा. साथ ही बागेश्वर धाम का मंडल भी यात्रा में मुख्य रूप से मौजूद रहेगा. रथ यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम का भी विशेष प्रबंध रहेगा. रात में रुकने के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ और पावन हवन करवाया जाएगा. साथ ही श्रद्धालुओं को भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की शपथ भी दिलवाई जाएगी.