नई दिल्ली (MEA Internship 2026). अगर आप देश की विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का कामकाज करीब से देखना-समझना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए ही है. विदेश मंत्रालय ने शानदार इंटर्नशिप प्रोग्राम का ऐलान किया है. अक्सर युवाओं के मन में सवाल रहता है कि कूटनीतिक फैसले पर्दे के पीछे कैसे लिए जाते हैं और अलग-अलग देशों के साथ रिश्ते कैसे निभाए जाते हैं? इसके लिए अब किताबों या खबरों तक सीमित रहने की जरूरत नहीं है. विदेश मंत्रालय खुद अपने साथ जुड़ने का मौका दे रहा है.
विदेश मंत्रालय की इंटर्नशिप में क्या खास है?
विदेश मंत्रालय न केवल चुनिंदा स्टूडेंट्स को हर महीने वित्तीय सहायता देगा, बल्कि उन्हें दिल्ली आने-जाने के लिए यात्रा खर्च की सुविधा भी मुहैया कराएगा. खास बात है कि इसमें केवल पढ़ाई लिखाई ही नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा और उनके नजरिए को भी तवज्जो दी जाएगी. अगर आप तय की गईं योग्यताओं पर खरे उतरते हैं तो यह मौका आपके बायोडेटा में चार चांद लगा सकता है.
27 सितंबर तक फटाफट करें आवेदन
विदेश मंत्रालय के इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए आवेदन प्रक्रिया जोरों पर है. इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 सितंबर 2026 तय की गई है. आखिरी समय के टेक्निकल इश्यूज से बचने के लिए समय रहते ही अपना फॉर्म भर लें. विदेश मंत्रालय के इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए आवेदन करने से पहले ऑफिशियल वेबसाइट mea.gov.in पर सभी जरूरी दिशा-निर्देश और मांगे गए डॉक्यूमेंट्स की लिस्ट अच्छी तरह चेक कर लें. इससे फॉर्म भरने में किसी तरह की गलती नहीं होगी.
विदेश मंत्रालय में इंटर्नशिप का मौका कैसे मिलेगा?
विदेश मंत्रालय ने इस चयन प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल जारी किया है:
- 7 अक्टूबर 2026: शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के नाम और इंटरव्यू की डिटेल्स जारी की जाएंगी.
- 17 अक्टूबर 2026: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (DVC) के जरिए उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए जाएंगे.
- 23 अक्टूबर 2026: इस पूरी चयन प्रक्रिया के बाद फाइनल लिस्ट आधिकारिक तौर पर घोषित कर दी जाएगी.
स्टाइपेंड कितना मिलेगा, सुविधाएं क्या मिलेंगी?
विदेश मंत्रालय में इंटर्नशिप के लिए कौन आवेदन कर सकता है?
विदेश मंत्रालय में इंटर्नशिप के लिए योग्यता और उम्र सीमा तय की गई है. इसकी डिटेल्स आप नीचे चेक कर सकते हैं:
- शैक्षणिक योग्यता: यह मौका केवल भारतीय नागरिकों के लिए है. आवेदन करने वाले स्टूडेंट के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. जो स्टूडेंट्स ग्रेजुएशन के फाइनल ईयर में हैं, वे भी अप्लाई कर सकते हैं. बशर्ते यह इंटर्नशिप उनके पाठ्यक्रम का अनिवार्य हिस्सा हो.
- उम्र सीमा: इस प्रोग्राम के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र इंटर्नशिप वाले वर्ष में 31 दिसंबर तक 25 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए.
यह इंटर्नशिप आपके करियर के लिए क्यों खास है?
विदेश मंत्रालय की इस इंटर्नशिप में सिर्फ काम सीखने का मौका ही नहीं मिलता, बल्कि यह नेटवर्किंग दायरे को भी बहुत बड़ा बनाती है. यहां देश के नामी डिप्लोमैट्स, विचारकों और सीनियर अधिकारियों के साथ समय बिताने का मौका मिलता है. अगर आप भविष्य में यूपीएससी, अंतरराष्ट्रीय संगठनों या थिंक टैंक में जाना चाहते हैं तो यह अनुभव आपके इंटरव्यू और प्रोफाइल में मजबूत कड़ी साबित होगा. इसलिए बिना देर किए अंतिम तारीख से पहले अप्लाई करें.