Last Updated:
Anurag Thaku Rajasthan Visit: जयपुर में संसद की लोकलेखा समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजस्थान के निकाय चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि करीब ढाई साल के भाजपा सरकार के कामकाज पर निकाय चुनावों में जनता ने अपनी मुहर लगाई है. कांग्रेस की ओर से पुलिस और धनबल के इस्तेमाल के लगाए जा रहे आरोपों पर ठाकुर ने पलटवार करते हुए इन्हें कांग्रेस की पुरानी आदत बताया. गोविंद सिंह डोटासरा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे.’ ठाकुर ने राहुल गांधी के कार्यक्रम में हुई मिमिक्री और महिला आरक्षण समेत कई मुद्दों पर भी कांग्रेस को घेरा.
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजस्थान के निकाय चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा.
जयपुर. राजधानी जयपुर में संसद की लोकलेखा समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा. ठाकुर ने कहा कि पिछले करीब ढाई साल में भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री के कामकाज पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है. राजस्थान के निकाय चुनावों में भाजपा को बहुमत मिलने का दावा करते हुए उन्होंने इसे कांग्रेस के लिए जवाब बताया.
निकाय चुनावों में भाजपा कई प्रमुख शहरी निकायों में सबसे बड़ी पार्टी रही है. ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग और ईवीएम पर आरोप लगाती है और जब यह नहीं चलता तो धनबल के आरोप लगाने लगती है. राजस्थान में कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे पुलिस और धनबल के इस्तेमाल के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की पुरानी आदत है. इसी दौरान ठाकुर ने गोविंद सिंह डोटासरा पर तंज कसते हुए कहा कि“खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे.”
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोला
इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम के दौरान हुई मिमिक्री को लेकर भी अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि पहले लगता था कि कांग्रेस का प्रदर्शन खराब जा रहा है, लेकिन अब उसके संस्कार भी सामने आ रहे हैं. ठाकुर ने आरोप लगाया कि एक बुजुर्ग महिला को लेकर राहुल गांधी के मंच से की गई टिप्पणी कांग्रेस की महिलाओं के प्रति सोच को दिखाती है. महिला आरक्षण के मुद्दे पर ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में जल्द कदम उठाए जाने चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल महिलाओं के अधिकारों के रास्ते में बाधा डाल रहे हैं.
सरकार ने युवाओं के मुद्दों को गंभीरता से ले रही है
युवाओं से जुड़े मुद्दों और हालिया चुनाव परिणामों पर ठाकुर ने कहा कि सरकार ने युवाओं के मुद्दों को गंभीरता से लिया और उन पर कदम उठाए. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय और पंजाब विश्वविद्यालय के चुनावों का भी जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं का समर्थन भाजपा और उसकी विचारधारा के साथ है. विपक्षी एकता पर ठाकुर ने कहा कि चुनाव से पहले विपक्षी दल महागठबंधन की बात करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद अलग-अलग हो जाते हैं. उन्होंने कहा कि 2019 और 2024 में भी जनता ने विपक्ष को नकार दिया था. ठाकुर ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि न उनका कोई नेता है, न नीति और नीयत में भी खोट है.