Last Updated:
Madhepura News: मधेपुरा के फुलौत में शनिवार देर रात झारखंड नंबर की कार अचानक धू-धूकर जलने लगी. आग की लपटों के बीच कुछ लोगों के वाहन से कथित तौर पर शराब निकालने की चर्चा ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया. दमकल के देर से पहुंचने पर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
मधेपुरा में कार जल गई.
मधेपुराः बिहार के मधेपुरा से हैरान करने वाली घटना सामने आई. जहां एक कार में अचानक आग लग गई. फुलौत थाना के पास शनिवार की देर रात एक झारखंड नंबर की कार धू-धूकर जलने लगी. पंचायत सरकार भवन के सामने खड़ी गाड़ी में आग लगते ही आसपास हड़कंप मच गया. देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरा वाहन जलकर राख हो गया. घटना के बाद इलाके में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि कार में शराब लदी थी.
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के बाद कुछ लोग कथित तौर पर वाहन से शराब निकालकर ले जाते हुए दिखाई दिए. हालांकि, कार में वास्तव में शराब थी या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. यह भी साफ नहीं है कि अगर शराब थी तो उसकी मात्रा कितनी थी और उसे कौन लेकर गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. देखते ही देखते कार आग के गोले में बदल गई.
शराब लूटने की चर्चा
घटना की सूचना के बाद दमकल विभाग को भी जानकारी दी गई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल की गाड़ी मौके पर काफी देर से पहुंची. तब तक कार का ज्यादातर हिस्सा जल चुका था. हादसे के बाद झारखंड नंबर की इस कार को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. आखिर यह वाहन फुलौत थाना क्षेत्र में कहां से पहुंचा था? इसमें क्या सामान रखा था? कार में आग कैसे लगी? और आग लगने के बाद अगर शराब निकाली गई तो वह शराब किसकी थी?
गाड़ी मालिक को तलाश रही पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वाहन किसका था और घटना के समय उसमें कौन-कौन लोग मौजूद थे. आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है. कार में शराब होने और आग के बाद उसे निकालकर ले जाने की चर्चा के बीच पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी. फिलहाल जली हुई कार और उससे जुड़े सवालों ने फुलौत इलाके में चर्चा बढ़ा दी है.