फर्जी मेडिकल कॉलेज खोलकर एडमिशन के नाम पर छात्रों से ऐंठे लाखों? एटा में 5 गिरफ्तार

फर्जी मेडिकल कॉलेज खोलकर एडमिशन के नाम पर छात्रों से ऐंठे लाखों? एटा में 5 गिरफ्तार


एटा: यूपी के जनपद एटा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जहां मारहरा थाना पुलिस ने फर्जी मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी के नाम पर छात्रों से कथित तौर पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज, मार्कशीट, एडमिशन फॉर्म और अन्य सामान बरामद किया गया है.

ये पूरा मामला एटा जिले के थाना मारहरा क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को सतेंद्र कुमार के भाई रामसेवक ने अपने भाई के अपहरण और दो लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की शिकायत पुलिस से की थी. इस मामले में मुकदमा संख्या 167/2026, धारा 333 और 140(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था. लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि कथित अपहरण की सूचना झूठी थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की तो फर्जी मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी चलाकर छात्रों को विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिलाने के नाम पर रकम वसूलने का मामला सामने आया.

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2022 से बीएससी मेडिकल कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी के नाम पर कथित फर्जी शैक्षणिक व्यवस्था संचालित की जा रही थी. छात्रों को , D.Pharm, B.Pharm, B.Sc. Nursing, D.M.L.T., B.M.L.T., B.A.M.S., G.N.M. और A.N.M. जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिलाने और शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराने के नाम पर रकम लेने का आरोप है. जांच के दौरान पुलिस ने फर्जी मार्कशीट, परीक्षा संबंधी अभिलेख, एडमिशन फॉर्म, छात्रों के आई-कार्ड, अटेंडेंस रिकॉर्ड, विभिन्न पाठ्यक्रमों की फाइलें, कॉलेज की मोहर और अन्य शैक्षणिक सामग्री बरामद की है.

इसके अलावा एक लैपटॉप, चार फर्जी चेक बुक और फर्जी प्रश्नपत्र समेत कई सामान बरामद किए गए हैं. वहीं इस मामले में थाना मारहरा में मुकदमा संख्या 168/2026 दर्ज किया गया है. प्रेस नोट के अनुसार इसमें बीएनएस की धारा 318(2), 338, 336(3), 340(2) और 111 लगाई गई हैं.

पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें सतेंद्र कुमार पुत्र दर्शनपाल सिंह, निवासी महमूदपुर नगरिया थाना मारहरा, गौरव अग्रवाल पुत्र सुभाष चंद्र अग्रवाल, निवासी पंखा वाला बाग नदरई गेट कासगंज, भगवान दास पुत्र निरंजन लाल, निवासी धरपसी थाना मारहरा, नरेंद्र उर्फ पप्पू पुत्र इतवारी लाल, निवासी पैठ कस्बा थाना मारहरा और मोहम्मद शरीफ कुरैशी पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी गफूरगंज कस्बा थाना मारहरा शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.

बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के आधार पर पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब इस कथित फर्जी शैक्षणिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और छात्रों से ली गई रकम के संबंध में भी जांच कर रही है.



Source link