सरिता विहार में भीषण सड़क हादसा, डंपर ने क्रेन और ऑटो में मारी टक्कर, 3 की मौत
Last Updated:
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार इलाके में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे काम कर रहे कर्मचारियों पर कहर बरपा दिया. रोड नंबर-13 पर तड़के करीब 3:20 बजे नोएडा की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने वहां खड़ी क्रेन और ऑटो-रिक्शा में भीषण टक्कर मार दी.
सरिता विहार में बेकाबू डंपर ने क्रेन और ऑटो को जोरदार टक्कर मारी.
दिल्ली के सरिता विहार इलाके में रविवार तड़के करीब 3:20 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. रोड नंबर-13 पर नोएडा की तरफ से आ रहे एक डंपर ने सड़क किनारे खड़ी क्रेन और ऑटो-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के वक्त क्रेन और ऑटो के पास सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत CCTV लगाने का काम चल रहा था. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं. वहीं, एक व्यक्ति हादसे में सुरक्षित बच गया.
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान संगम विहार निवासी 23 वर्षीय उमेश, संगम विहार निवासी 35 वर्षीय प्रवीण और करीब 34 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है. सूरज सेफ सिटी प्रोजेक्ट से जुड़ी कंपनी में HR मैनेजर के तौर पर काम कर रहे थे. उनकी अन्य जानकारी कंपनी से जुटाई जा रही है. हादसे में घायल लोगों की पहचान संगम विहार निवासी 20 वर्षीय आकाश, पुत्र नरेंद्र, 26 वर्षीय अनूप, पुत्र सुरेंद्र और रोहिणी निवासी 40 वर्षीय खेम सिंह, पुत्र पूरन सिंह के तौर पर हुई है. वहीं, संगम विहार निवासी सुधीर, पुत्र कालेदीन, हादसे में सुरक्षित बच गए.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, डंपर नोएडा की तरफ से आ रहा था. हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया. अभी तक उसकी पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. पुलिस हादसे की वजह और डंपर की रफ्तार का पता लगाने में जुटी है. सरिता विहार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सके. फरार डंपर चालक की तलाश जारी है.