बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह दिल्ली में लेंगे 7 फेरे, छोटे भाई की भी उसी मंडप में शादी, आ गई तारीख

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह दिल्ली में लेंगे 7 फेरे, छोटे भाई की भी उसी मंडप में शादी, आ गई तारीख


Last Updated:

Kalyan Singh Family Wedding News : उत्तर प्रदेश की सियासत के सबसे बड़े परिवारों में से एक कल्याण परिवार में जल्द ही शहनाइयां बजने वाली हैं. पूर्व मुख्यमंत्री के पौत्र और उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह की सगाई की तारीख तय हो गई है. आइए जानते हैं सबकुछ. 

Zoom

तस्वीर में मंत्री संदीप सिंह, उनके पिता पूर्व सांसद राजवीर सिंह, मां प्रेमलता वर्मा, बहन पूर्णिमा सिंह, श्वेता सिंह और भाई सौरभ सिंह हैं. गोले में पूर्व सीएम कल्याण सिंह.

अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है. पूर्व सीएम कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह शादी करने जा रहे हैं. वह राज्य सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी हैं. बता दें, संदीप और उनके छोटे भाई सौरभ की शादी एक साथ एक ही मंडप में होने वाली है. बताया जा रहा है कि 14 नवंबर को दोनों भाइयों की सगाई होगी. उसके बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह में दिल्ली में एक साथ सात फेरे लेंगे. हालांकि, ये नहीं पता चला है कि दोनों की दुल्हनें कौन हैं.

कारोबारी परिवार से दुल्हन

सूत्रों के मुताबिक, मंत्री संदीप की होने वाली दुल्हन कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखती हैं. खास बात यह है कि संदीप के साथ ही उनके छोटे भाई अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ सिंह वर्मा की भी सगाई होगी. दोनों भाइयों की सगाई को लेकर परिवार में उत्साह है. पिता पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद राजवीर सिंह और मां पूर्व विधायक प्रेमलता वर्मा तैयारियों में जुट गए हैं.

यह हैं तारीख

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संदीप सिंह की सगाई 14 नवंबर को ताला नगरी स्थित मैदान में होगी. वहीं, शादी 27 नवंबर को दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में प्रस्तावित है. हालांकि तारीख में एक दिन आगे-पीछे हो सकता है. शादी के बाद रिसेप्शन की भी चर्चा है. लखनऊ में अलग से दावत का आयोजन किया जा सकता है.

संदीप के पिता और पूर्व सांसद राजवीर सिंह का कहना है कि अलीगढ़ में गोद भराई और तिलक का आयोजन होगा. इसके लिए अलीगढ़-रामघाट कल्याण मार्ग पर 100 बीघा मैदान में तैयारियां शुरू करने की प्लानिंग है. इतना ही नहीं परिवार के राज पैलेस आवास की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और नए पत्थर लगाने का भी काम चल रहा है.

यह लोग हो सकते हैं शामिल

तिलक में अलीगढ़, अतरौली विधानसभा क्षेत्र और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से परिवार के करीबी, समर्थक और परिचित शामिल होंगे. बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं और समर्थकों को निमंत्रण भेजने की तैयारी है. शादी के लिए अलग से वेडिंग प्लानर बुक किए जाने की भी चर्चा है. केटरिंग और जर्मन हैंगर की बुकिंग पर काम चल रहा है. बताया जा रहा है कि शादी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा के कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है.

गौरतलब है, कल्याण सिंह परिवार में इससे पहले 2018 में शादी समारोह हुआ था. कल्याण सिंह की पौत्री पूर्णिमा सिंह की शादी प्रवीण राज सिंह के साथ हुई थी. समारोह में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल शामिल हुए थे. संदीप के छोटे भाई सौरभ सिंह अतरौली विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं.



Source link