नीरज-अनंत विवाद पर ललन सिंह बोले- JDU में कोई विवाद नहीं, पार्टी में सब आपसी तालमेल से चल रहा

नीरज-अनंत विवाद पर ललन सिंह बोले- JDU में कोई विवाद नहीं, पार्टी में सब आपसी तालमेल से चल रहा


Last Updated:

Lalan Singh News: बिहार में सियासी हलचल के बीच केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पटना पहुंचे और सीधे पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की. कुछ देर दोनों नेताओं में बातचीत हुई और इसके बाद ललन सिंह बाहर निकले और मीडिया से बात करते हुए कहा कि पार्टी में सब एकजुट है. अनंत सिंह और नीरज कुमार की सियासी रार पर भी ललन सिंह ने अपनी बात मीडिया से साझा की. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

पटना में ललन सिंह ने न्यूज 18 से बात की.

पटना. जेडीयू में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रही बयानबाजी के बीच केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पार्टी में किसी तरह के विवाद से इनकार किया है. पटना पहुंचे ललन सिंह ने कहा कि पूरी पार्टी एकजुट है और संगठन में फैसले आपसी राय-मशविरे से लिए जाते हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर कुछ विधायकों के मन में कोई बात है तो वह उनसे बात करेंगे. ललन सिंह ने कहा कि जिस विवाद को लेकर इतनी चर्चा हो रही है, उसका कोई मतलब नहीं है. उन्होंने कहा कि पार्टी की शुरुआत से ही आपसी विचार-विमर्श और तालमेल की परंपरा रही है. नीतीश कुमार ने भी पार्टी के कामकाज में लोगों की राय को महत्व दिया है और आज भी यही व्यवस्था जारी है.

कार्यक्रम की जानकारी को लेकर विधायकों ने किया था फोन

ललन सिंह ने उस पार्टी कार्यक्रम का भी जिक्र किया, जिसे लेकर पिछले कुछ दिनों से जेडीयू के अंदर चर्चाएं चल रही थीं. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से पहले कुछ विधायकों ने उन्हें फोन किया था. ललन सिंह के मुताबिक उन्होंने विधायकों से कहा कि वह गुजरात में हैं और उन्हें कार्यक्रम की जानकारी नहीं है. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से एक दिन पहले रात में निशांत कुमार ने भी उन्हें फोन किया था. उस समय भी उन्होंने बताया कि वह गुजरात में हैं और कार्यक्रम के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है.

संजय झा से बात के बाद मिली कार्यक्रम की जानकारी

ललन सिंह ने बताया कि इसके बाद उन्होंने जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से फोन पर बात की. संजय झा ने उन्हें बताया कि यह कोई राजनीतिक बैठक नहीं, बल्कि सामान्य कार्यक्रम था, जिसमें नए विधायकों को प्रशिक्षण दिया जाना था. बता दें कि 18 सितंबर को जेडीयू के इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नीतीश कुमार और निशांत कुमार एक साथ मंच पर नजर आए थे. कार्यक्रम में विधायकों और विधान पार्षदों को सार्वजनिक जीवन और विधायी कामकाज से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई.

‘कुछ विधायकों के मन में कुछ होगा तो उनसे बात करूंगा’

ललन सिंह ने कहा कि पार्टी में सब ठीक-ठाक है और पूरी पार्टी एकजुट होकर काम कर रही है. हालांकि इसी दौरान उन्होंने यह भी कहा कि अगर कुछ विधायकों के मन में कोई बात है तो वह उनसे बातचीत करेंगे. उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर खुली बयानबाजी चल रही है. अनंत सिंह नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर बोल रहे हैं, जबकि नीरज कुमार भी लगातार पलटवार कर रहे हैं.

बयान से बड़ा सवाल- विवाद नहीं तो बातचीत की जरूरत क्यों?

ललन सिंह के मुताबिक पार्टी स्तर पर कोई टूट या विवाद नहीं है. लेकिन साथ ही कुछ विधायकों से व्यक्तिगत बातचीत करने की बात यह संकेत देती है कि संगठन के भीतर उठ रहे सवालों को नेतृत्व नजरअंदाज भी नहीं कर रहा. अब देखना यह है कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रही व्यक्तिगत लड़ाई को पार्टी नेतृत्व किस तरह संभालता है और क्या यह विवाद संगठन के स्तर पर आगे बढ़ने से रोका जा सकता है.



Source link