IPS Bushra Bano Husband Biography: आईपीएस बुशरा बानो के पति क्या करते हैं? UPSC के लिए 2 बच्चों की मां ने छोड़ दी थी विदेश की नौकरी

IPS Bushra Bano Husband Biography: आईपीएस बुशरा बानो के पति क्या करते हैं? UPSC के लिए 2 बच्चों की मां ने छोड़ दी थी विदेश की नौकरी


नई दिल्ली (IPS Bushra Bano Husband). खर्च और जिम्मेदारियों के बीच सपनों का गला घोंट देने वालों के लिए यूपी की आईपीएस बुशरा बानो की कहानी जादुई दास्तान से कम नहीं है. हाल ही में सोशल मीडिया पर उनके एक वीडियो को लेकर छिड़े विवाद ने उन्हें अचानक सुर्खियों में ला दिया है. इसमें उनके अभिवादन के तरीके पर सवाल उठाए गए. बुशरा बानो का यहां तक पहुंचने का सफर किसी भी इंसान में नया जोश भर सकता है. कई लोग जानना चाहते हैं कि आईपीएस बुशरा बानो के पति क्या करते हैं.

दो बच्चों की मां होने, विदेश में रहने और पारिवारिक जिम्मेदारियों के तमाम झमेलों के बीच उन्होंने जिस दृढ़ संकल्प के साथ यूपीएससी की दीवार को ढहाया, वह वाकई बेमिसाल है. कन्नौज की गलियों से निकलकर सऊदी अरब के रेगिस्तान और फिर देश की खाकी वर्दी तक का सफर.. यह इस बात का सबूत है कि इरादे मजबूत हों तो दुनिया की कोई भी ताकत आपको आपकी मंजिल तक पहुंचने से रोक नहीं सकती. जानिए IPS बुशरा बानो के पति कौन हैं और उनके यूपीएससी सफर में उनका क्या योगदान रहा.

आईपीएस बुशरा बानो कौन हैं?

बुशरा बानो की कहानी सिर्फ एक परीक्षा पास करने की नहीं है. यह उन तमाम रूढ़ियों को तोड़ने की दास्तान है जो अक्सर महिलाओं की शादी के बाद उनकी प्रोफेशनल लाइफ पर फुलस्टॉप लगा देती हैं. शादी के बाद वह सऊदी अरब चली गई थीं. उनके पति वहां प्रोफेसर के रूप में कार्यरत थे. वहां भी उन्होंने अपनी चमक फीकी नहीं पड़ने दी और यूनिवर्सिटी में पढ़ाने लगीं. अच्छी सैलरी और शानदार लाइफस्टाइल होने के बावजूद उनके अंदर का वह भारतीय नागरिक चैन से नहीं बैठा, जो देश के लिए कुछ करना चाहता था.

पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहीं बुशरा बानो

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सौरिख गांव में जन्मीं बुशरा बानो बचपन से ही पढ़ाई-लिखाई में बेहद तेज थीं. स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने मैथ्स से बीएससी और फिर एमबीए की डिग्री हासिल कर ली. इसके बाद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पीएचडी पूरी की और नेट-JRF जैसी परीक्षाएं भी पास कर लीं. एकेडमिक दुनिया में तेजी से कदम बढ़ा रहीं बुशरा आगरा के एक निजी कॉलेज में पढ़ाने भी लगी थीं. तभी उनका निकाह हो गया और फिर उन्हें पति के साथ विदेश जाना पड़ा.

बुशरा बानो के पति अस्मार हुसैन क्या करते हैं?

आईपीएस बुशरा बानो के पति का नाम अस्मार हुसैन है. निकाह के वक्त अस्मार खान सऊदी अरब की एक यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर थे. इसीलिए बुशरा को अपना भारत का करियर छोड़कर कुछ वक्त के लिए सऊदी अरब शिफ्ट होना पड़ा था. हालांकि, समय के साथ चीजें बदलीं. बुशरा बानो के पति अस्मार हुसैन के सोशल मीडिया प्रोफाइल के मुताबिक, वर्तमान में वह एक प्राइवेट कंपनी में डायरेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है.

लाखों की विदेशी नौकरी छोड़ चुनी देश सेवा की राह

सऊदी अरब में प्रोफेसर की नौकरी और अच्छी-खासी सैलरी होने के बावजूद बुशरा बानो का मन वहां नहीं लग रहा था. उनके दिल में अपने देश के लिए कुछ खास करने की कसक थी. आखिरकार उन्होंने विदेश की चकाचौंध को अलविदा कहा और अपने दोनों बच्चों के साथ भारत लौट आईं. भारत लौटने के बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी का फैसला लिया. हालांकि, पहले ही प्रयास में उन्हें निराशा हाथ लगी और वह असफल रहीं. लेकिन उन्होंने इस असफलता को अपनी कमजोरी नहीं बल्कि सफलता की सीढ़ी बनाया.

दो बच्चों की मां ने हासिल किया खाकी का रुतबा

बुशरा बानो ने साल 2018 की सिविल सेवा परीक्षा में 277वीं रैंक हासिल कर इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस (IRTS) में जगह बनाई. तब तक UPPCS का रिजल्ट भी आ गया. इसमें छठी रैंक हासिल कर फिरोजाबाद में एसडीएम के रूप में कार्यभार संभाला. SDM रहते हुए अवैध खनन के खिलाफ उठाए गए कदमों ने उनकी प्रशासनिक क्षमता का लोहा मनवा दिया. उनका सपना IPS बनने का था. इसलिए उन्होंने फिर कोशिश की और 234वीं रैंक के साथ पश्चिम बंगाल कैडर की आईपीएस अधिकारी बनकर अपना सपना पूरा किया.

अभिवादन के तरीकों पर खड़े हुए सवाल

इन दिनों बुशरा बानो अपने वायरल वीडियो को लेकर खूब चर्चा में हैं. पश्चिम बंगाल कैडर में तैनात इस युवा आईपीएस अधिकारी के वीडियो में कुछ धार्मिक अभिवादनों (जैसे इंशाअल्लाह और अस्सलामु अलैकुम) के इस्तेमाल पर कुछ हलकों से सवाल उठाए गए हैं. इसके बावजूद, दो बच्चों की परवरिश और नौकरी के तमाम दबावों को पीछे छोड़कर उन्होंने जो मुकाम हासिल किया है, वह हर किसी के लिए इंस्पिरेशन है.



Source link