जो आया सबको धोया… ग्रीव्स ने भारत के खिलाफ रचा इतिहास, ठोका पहला वनडे शतक
Last Updated:
भारत के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में दमदार बल्लेबाजी करते हुए जस्टिन ग्रीव्स ने 104 गेंद में अपना शतक पूरा किया. वनडे करियर में ग्रीव्स का ये पहला शतक है. ग्रीव्स 108 गेंद में 101 रन बनाकर आउट हुए. अपनी इस पारी में ग्रीव्स ने कुल 12 चौके लगाए. ग्रीव्स को शतक पूरा करने के बाद कुलदीप यादव ने एलबीडबल्यू किया.
जस्टिन ग्रीव्स ने जड़ा शतक
नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के ओपन बल्लेबाज जस्टिन ग्रीव्स ने भारत के खिलाफ अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा. ग्रीव्स ने 104 गेंदें खेलकर अपना शतक पूरा किया. पारी का आगाज करते हुए ग्रीव्स ने न सिर्फ तेजी से रन बनाए, बल्कि टीम को एक मजबूत शुरुआत भी दिलाई. हालांकि, शतक पूरा करने के बाद वह ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक पाए और कुलदीप यादव की फिरकी में फंसकर अपना विकेट गंवा बैठे. ग्रीव्स ने अपनी टीम के लिए 108 गेंदों में 101 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 12 चौके भी लगाए.
भारत के खिलाफ पारी की शुरुआत करते हुए ग्रीव्स ने जॉन कैंपबेल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की. नई गेंद से ग्रीव्स और कैंपबेल ने मिलकर भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली. स्पिन हो या पेस, ग्रीव्स ने सभी गेंदबाजों के खिलाफ डटकर रन बनाए. यही वजह है कि भारत दौरे के पहले ही वनडे में उन्होंने अपने करियर का पहला शतक जड़ दिया.
24 साल से भारत में वनडे सीरीज नहीं जीता है वेस्टइंडीज
बता दें कि वेस्टइंडीज की टीम भारत में उसके खिलाफ दो दशक से भी ज्यादा समय से कोई वनडे सीरीज नहीं जीत सकी है. ऐसे में जस्टिन ग्रीव्स ने जिस तरह की बल्लेबाजी से शुरुआत दिलाई है, उससे वेस्टइंडीज के लिए एक उम्मीद जरूर जग गई है. आखिरी बार वेस्टइंडीज की टीम ने 2002 में भारत के खिलाफ उसी के घर में वनडे सीरीज जीती थी.
मैच में टीम इंडिया ने जीता टॉस
वहीं, इस मुकाबले की बात करें तो टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. दोनों टीमों के बीच सीरीज का यह पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. भारतीय टीम के लिए यह वनडे सीरीज अगले साल होने वाले विश्व कप अभियान की तैयारी के लिहाज से भी अहम है. टीम इंडिया की ओर से इस मैच में ऑलराउंडर नमन धीर को डेब्यू का मौका मिला है.