Last Updated:
Hardoi News: हरदोई के पुलिस व्यवस्था में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है. एसपी अशोक कुमार मीणा ने कुल 192 पुलिसकर्मियों के तबादले का निर्देश जारी कर दिया है और उन्हें तुरंत अपने-अपने क्षेत्र में कार्यभार संभालने के आदेश दिए हैं. आइए जानते हैं कि इस ट्रांसफर लिस्ट में कौन-कौन से विभाग के पुलिसकर्मी शामिल हैं.
हरदोई में पुलिसकर्मियों का किया ट्रांसफर
हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की पुलिस व्यवस्था में एसपी अशोक कुमार मीणा ने बड़ा फेरबदल करते हुए एक साथ 192 पुलिसकर्मियों के तबादले कर दिए हैं. इनमें उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी और महिला आरक्षी शामिल हैं. बड़े पैमाने पर हुए इन तबादलों के बाद कई थानों और पुलिस की अलग-अलग इकाइयों में तैनाती व्यवस्था बदल गई है. तबादला सूची जारी होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है.
14 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले
एसपी की ओर से जारी इस तबादला सूची में 14 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं. पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक हरदीप कुमार और सुरजीत यादव को साइबर थाना भेजा गया है. इसी के साथ ही रंजीत कुमार चौधरी और शुभम सिंह यादव को कोतवाली देहात, रतन सिंह को बेनीगंज, शशिकांत सिंह और रणजीत सिंह को पाली और मो. खालिद को हरपालपुर थाने में नई तैनाती मिली है. वहीं राम कुमार को सुरसा से यूपी-112 और सुरेंद्र कुमार यादव को कछौना से यूपी-112 भेजा गया है. यूपी-112 में तैनात वीरेंद्र कुमार सोनकर को सुरसा और राजेश कुमार मौर्य को कछौना थाने भेजा गया है. घनश्याम बिंद का तबादला पाली से कछौना किया गया है.
तत्काल नई तैनाती स्थल पर जाने के निर्देश
इसके अलावा जिले के एसपी ने बड़ी संख्या में मुख्य आरक्षी, आरक्षी और महिला आरक्षी भी इधर से उधर किए गए हैं. कई पुलिसकर्मियों को थानों से यूपी-112, पुलिस लाइन, न्यायालय सुरक्षा और यातायात में भेजा गया है, जबकि अलग-अलग इकाइयों से भी कर्मचारियों को थानों में नई जिम्मेदारी दी गई है. एसपी ने सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं. एक साथ 192 पुलिसकर्मियों के तबादले को जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव माना जा रहा है. वहीं अब नई तैनाती के बाद थानों और विभिन्न पुलिस इकाइयों में कामकाज की व्यवस्था किस तरह बदलती है, ये आने वाले वक्त में पता चलेगा.