Last Updated:
Upcoming IPO : शेयर बाजार में जल्द ही 20 कंपनियां अपने आईपीओ उतार सकती हैं. बीते सप्ताह 9 और कंपनियों ने आईपीओ के लिए सेबी के पास दस्तावेज जमा कराए हैं. इन कंपनियों ने अपना कर्ज उतारने और बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए फंड की जरूरत बताई है.
9 और कंपनियों ने आईपीओ के लिए डॉक्यूमेंट जमा कराए हैं.
नई दिल्ली. सितंबर में अभी तक आधा दर्जन से ज्यादा कंपनियों ने अपने आईपीओ बाजार में उतारे हैं और अगले महीने भी 9 कंपनियों ने बाजार में कदम रखने की तैयारी कर ली है. सेबी के पास दस्तावेज जमा कराने वाली कंपनियों में ट्रांस एसीएनआर सॉल्यूशंस और महाराष्ट्र ऑयल एक्सट्रैक्शंस समेत नौ कंपनियां शामिल हैं. ये कंपनियां कारोबार विस्तार, कर्ज चुकाने और अन्य कारोबारी जरूरतों के लिए पूंजी जुटाना चाहती हैं और सेबी से हरी झंडी मिलने के बाद कारोबार शुरू हो जाएगा.
सेबी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र ऑयल एक्सट्रैक्शंस, जगजीत एग्री इंजीनियरिंग, जय पार्वती फोर्ज, कूलकिंग इंडस्ट्रीज इंडिया, साई इन्फिनियम, एसजी एनकॉन, माउंट एवरेस्ट ब्रूअरीज और अल्ट्रावाइब्रेंट इंटिग्रेटेड एनर्जी ने 21 से 26 सितंबर के बीच आईपीओ के लिए दस्तावेज दाखिल किए हैं. प्रस्तावित आईपीओ से जुटाई जाने वाली राशि का इस्तेमाल कारोबार विस्तार, कार्यशील पूंजी की जरूरतों, कर्ज चुकाने और सामान्य कारोबारी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा.
ज्यादातर आईपीओ 300 करोड़ से बड़े
महाराष्ट्र ऑयल एक्सट्रैक्शंस ने 370 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करने और प्रवर्तकों द्वारा 2.14 करोड़ तक शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का प्रस्ताव रखा है. जगजीत एग्री इंजीनियरिंग, जय पार्वती फोर्ज और कूलकिंग इंडस्ट्रीज इंडिया ने क्रमशः 300 करोड़ रुपये, 300 करोड़ रुपये और 300 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करने का प्रस्ताव रखा है. इन कंपनियों ने प्रवर्तकों द्वारा शेयरों की बिक्री पेशकश भी प्रस्तावित की है.
इन कंपनियों ने भी बनाया मन
साई इन्फिनियम ने 280 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करने का प्रस्ताव रखा है, जबकि एसजी एनकॉन, माउंट एवरेस्ट ब्रूअरीज और अल्ट्रावाइब्रेंट इंटिग्रेटेड एनर्जी ने भी नए शेयरों और कुछ मामलों में बिक्री पेशकश के जरिये पूंजी जुटाने का प्रस्ताव रखा है. इसके अलावा, जेएसडब्ल्यू वन प्लेटफॉर्म्स और अनमोल इंडस्ट्रीज समेत 11 कंपनियों ने भी पिछले कुछ दिनों में सेबी के पास आईपीओ दस्तावेज दाखिल किए हैं. इस तरह, देखा जाए तो आने वाले कुछ समय में बाजार में 20 आईपीओ आने की संभावना है.