Last Updated:
Twisha Sharma Case: मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में CBI ने हाईकोर्ट में दाखिल जवाब में कहा कि दोनों आरोपियों समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह ने क्राइम सीन को मैनेज करने की कोशिश की थी. उन्होंने पुलिस जांच गलत तरीके से प्रभावित करके का प्रयास किया था. सीबीआई ने यह भी कहा कि ट्विशा के पहले पोस्टमार्टम में गिरिबाला सिंह के प्रभाव से इनकार नहीं किया जा सकता.
आरोपी समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह भोपाल सेंट्रल जेल में बंद हैं.
रिपोर्ट- शिवकांत आचार्य, भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. इस मामले में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर आरोप है. दोनों फिलहाल भोपाल सेंट्रल जेल में बंद हैं. गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जज हैं. समर्थ सिंह जाने-माने वकील हैं. हाई-प्रोफाइल केस की जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंपा गया. आरोपी समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह जमानत के लिए आवेदन कर चुके हैं लेकिन सीबीआई उनपर लगातार शिकंजा कसती जा रही है. CBI ने दोनों की जमानत याचिका को लेकर अब हाईकोर्ट में जवाब दाखिल किया है.
सीबीआई ने हाईकोर्ट में दाखिल अपने जवाब में कहा कि आरोपी जमानत मिलने पर सबूत और गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं. सीबीआई ने HC को बताया कि दोनों आरोपियों ने घटना के बाद क्राइम सीन को मैनेज करने की कोशिश की थी. उन्होंने पुलिस जांच गलत तरीके से प्रभावित करके का प्रयास किया था. सीबीआई ने यह भी बताया कि ट्विशा के पहले पोस्टमार्टम में गिरिबाला सिंह के प्रभाव से इनकार नहीं किया जा सकता है.
पति और सास ने कहा- ट्विशा ने आत्महत्या की
गौरतलब है कि 12 मई 2026 को ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह ने इसे आत्महत्या बताया था. वहीं ट्विशा के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पति और सास के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी. उन्होंने भोपाल में हुए ट्विशा के पहले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट को मानने से इनकार कर दिया था. कोर्ट के आदेश पर दोबारा पोस्टमार्टम करवाया गया था.
CM मोहन यादव से मिले थे ट्विशा शर्मा के परिजन
ट्विशा शर्मा के परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात कर इंसाफ की मांग की थी. हाई-प्रोफाइल मामला होने के चलते केस की जांच सीबीआई को सौंपी गई. सीबीआई ने समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह से कई बार की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया था. जांच के दौरान सीबीआई समर्थ और गिरिबाला सिंह को लेकर उनके घर पर पहुंची और क्राइम सीन रिक्रिएट किया. ट्विशा की कद-काठी का एक पुतला बनाया गया था, जिसे फांसी पर लटकाया था.