Vikramshila Setu Repair: भागलपुर-नवगछिया के बीच चलेगी नाव और क्रूज, लाइफ जैकेट अनिवार्य, जानें टाइमिंग

Vikramshila Setu Repair: भागलपुर-नवगछिया के बीच चलेगी नाव और क्रूज, लाइफ जैकेट अनिवार्य, जानें टाइमिंग


Last Updated:

विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के चलते भागलपुर और नवगछिया के बीच तीन महीने तक नाव और क्रूज चलेंगे. परिचालन सुबह 6 से शाम 6 बजे तक होगा. यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य कर दी गई है. सुरक्षा के लिए घाटों पर पुलिस, एसडीआरएफ और मेडिकल कैंप तैनात रहेंगे.

ख़बरें फटाफट

Zoom

सांकेतिक फोटो

भागलपुरः उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत का काम शुरू होने जा रहा है. इसके चलते भागलपुर और नवगछिया के बीच लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने खास तैयारी की है. गंगा नदी में तीन महीनों के लिए वैकल्पिक तौर पर नाव और क्रूज सेवा शुरू की जा रही है. जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने युद्धस्तर पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है.

घाटों पर रहेंगी पुख्ता तैयारियां
प्रशासन ने बरारी सीढ़ी घाट, बरारी फेरी घाट, सबौर के राजंदीपुर घाट और नवगछिया के जहान्वी चौक घाट पर व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं. घाटों तक जाने वाली सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है. अतिक्रमण हटाने और रोशनी व सफाई के पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं. भीड़ को संभालने के लिए लेनवार बैरिकेडिंग की जाएगी. घाटों पर अस्थायी पुलिस थाना, प्रशासनिक कंट्रोल रूम और मेडिकल कैंप भी बनाए जाएंगे.

यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय और जीविका दीदी की रसोई की सुविधा रहेगी. सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. घाटों पर अनधिकृत दुकानें लगाने पर रोक रहेगी.

बिना लाइफ जैकेट यात्रा नहीं
यात्रियों की सुरक्षा का खास ध्यान रखा जा रहा है. नावों और क्रूज में चढ़ने के लिए सुरक्षित रैंप बनाए जाएंगे. यात्रा के दौरान हर यात्री को लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य होगा. क्षमता से अधिक यात्री बैठाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. गंगा में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम मोटरबोट के साथ गश्त पर तैनात रहेगी.

समय और टिकट की व्यवस्था
नाव और क्रूज का परिचालन सुबह 6:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक ही होगा. शाम 5:00 बजे घाट से आखिरी नाव रवाना की जाएगी. रात के अंधेरे में गंगा नदी में परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा. यात्रियों की सुविधा के लिए पारदर्शी कूपन और टिकट वितरण की व्यवस्था की जाएगी.



Source link