Last Updated:
हरदोई जिले के समुदा गांव के पास लखनऊ नंबर की तेज रफ्तार टाटा टिगोर कार ने बाइक को टक्कर मार दी. इससे तीनों सड़क पर गिर गए. टक्कर इतनी तेज थी कि कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने एंबुलेंस से उनको मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.
हरदोई में सड़क हादसे में तीन की मौत
हरदोईः उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में कोतवाली शहर क्षेत्र के बावन रोड पर समुदा गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. हरदोई की ओर से आ रही कार ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार मां-बेटे और बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई. तीनों एक ही परिवार से जुड़े थे और मेडिकल कॉलेज जा रहे थे. हादसे की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया. तीनों एक ही बाइक से हॉस्पिटल जा रहे थे, जहां बेटी एडमिट थी. उसकी आज ही डिलीवरी होनी थी. हादसे के बाद ड्राइवर कार छोड़कर मौके से भाग गया. हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र समुदा गांव में हुआ.
पत्नी की अस्पताल में हो रही थी डिलीवरी
रामापुर छैया गांव के रहने वाले रमेश (32) की पत्नी कामिनी प्रेग्नेंट हैं. उसकी पहले भी एक बेटी अवंतिका (6) है. शुक्रवार को डिलीवरी के लिए उन्हें जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. ऑपरेशन से डिलीवरी होनी थी. रमेश और उनका साला सोहेल (25) नोएडा में नौकरी करते हैं. दोनों डिलीवरी से पहले नोएडा से लौटे थे. भुवनपुरवा में रहने वाला सोहेल अपनी मां गुड्डी देवी (49) और बहनोई रमेश को अपनी बाइक से हॉस्पिटल ले जा रहा था.
तेज रफ्तार कार ने मारी थी बाइक में टक्कर
समुदा गांव के पास लखनऊ नंबर की तेज रफ्तार टाटा टिगोर कार ने बाइक को टक्कर मार दी. इससे तीनों सड़क पर गिर गए. टक्कर इतनी तेज थी कि कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने एंबुलेंस से उनको मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.
पत्नी को रो-रोकर हुआ बुरा हाल
हॉस्पिटल में डिलीवरी का इंतजार कर रही कामिनी को पति, भाई और मां की मौत की खबर मिली, तो उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गुड्डी के परिवार में पति सर्वेश और 3 बेटियां कामिनी, आरती और शालू हैं. उनके बड़े बेटे रुक्मांगत की 1 साल पहले मौत हो गई थी. आज के हादसे में दूसरे बेटे सोहेल की भी मौत हो गई. शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर ड्राइवर की तलाश की जा रही है.