Last Updated:
Fatty Liver and Drinking Habit: शराब पीने वाले लोगों में फैटी लिवर की समस्या बहुत ही कॉमन होती है. लेकिन कुछ लोगों ने इससे बचने का नायाब उपाय निकाला है. रात में ड्रिंक और सुबह वर्कआउट करके लाइफस्टाइल को बैलेंस करने की कोशिश कर रहे हैं. ये तरीका कितना कारगर है, इसे यहां आप एक्सपर्ट के नजरिए से समझ सकते हैं.
शराब आज के समय में कई सारे लोगों के लाइफस्टाइल का एक कॉमन हिस्सा बन गयी है. विकेंड पर दोस्तों के साथ फुर्सत के पल बिताना हो या फिर पार्टी करनी हो शराब जरूर मौजूद होती है. हालांकि हेल्थ एक्सपर्ट किसी भी मात्रा में शराब को सेहत के लिए हानिकारक बताते हैं, लेकिन मन को मारे बिना लोगों ने शराब के साइड इफेक्ट को कम करने या यूं कहें कंट्रोल करने के लिए एक्सरसाइज को जरिया बनाया है. कुछ लोगों का मानना है कि ज्यादा पसीना बहाने या कड़ी एक्सरसाइज करने से शराब का नुकसान खत्म हो जाता है. फैटी लिवर जो कि शराब पीने से होने वाली एक कॉमन प्रॉब्लम है, भी नहीं होता है.
लेकिन एक्सपर्ट इस कॉन्सेप्ट को बेसलेस बताते हैं. रेडक्लिफ लैब्स में क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और वेलनेस कोच दीपिका लालवानी ने News18 हिन्दी से बता करते हुए बताया कि एक्सरसाइज शरीर के लिए फायदेमंद जरूर है, लेकिन इसे शराब के नुकसान की भरपाई करने का तरीका नहीं माना जा सकता. अगर किसी ने रात में शराब पी है, तो अगली सुबह वर्कआउट करने से उसका असर खत्म नहीं होता. लिवर पर शराब का जो प्रभाव पड़ता है, उसे केवल एक दिन की एक्सरसाइज से नहीं रोका जा सकता.
शराब और लिवर का क्या है संबंध?
एक्सपर्ट बताती हैं कि शराब शरीर में पहुंचने के बाद मुख्य रूप से लिवर में प्रोसेस होती है. अगर कोई व्यक्ति नियमित रूप से या ज्यादा मात्रा में शराब पीता है, तो लिवर में फैट जमा होने का खतरा बहुत ज्यादा होता है. इतना ही नहीं समय के साथ यह सूजन और लिवर से जुड़ी अन्य समस्याओं का भी कारण बनता है.
ऐसे में रात पी गई शराब को अगले दिन पसीना बहाकर या वर्कआउट करके शरीर से बाहर नहीं निकाला जा सकता. पानी पीने या ज्यादा पसीना आने से भी शराब जल्दी नहीं निकलती.
फैटी लिवर के पीछे सिर्फ शराब नहीं
एक्सपर्ट ने ये भी साफ किया कि फैटी लिवर केवल शराब पीने से ही नहीं होता. मोटापा, डायबिटीज, इंसुलिन रेजिस्टेंस और असामान्य कोलेस्ट्रॉल या ट्राइग्लिसराइड लेवल भी इसके बड़े कारण हैं. यदि ये समस्याएं मौजूद हों और साथ में शराब का सेवन भी किया जाए, तो जोखिम ज्यादा होता है.
इन बातों का ध्यान रखें
वैसे तो शराब पीना ही सेहत के लिए नुकसानदेह है. लेकिन यदि आप आदत नहीं छोड़ पा रहे हैं तो इसके जोखिम को लंबे समय तक टालने के लिए 2-2-2 नियम का फॉलो कर सकते हैं. इसके अनुसार एक बार में 2 से ज्यादा ड्रिंक न लें, सप्ताह में 2 दिन से ज्यादा शराब न पिएं और लगातार 2 दिन शराब पीने से बचें.
हैंगओवर में भारी वर्कआउट से बचें
शराब पीने के बाद कई लोगों को थकान, कमजोरी, चक्कर और डिहाइड्रेशन की समस्या होती है. ऐसे में भारी एक्सरसाइज करना सही नहीं होता है. बेहतर है कि शरीर को पर्याप्त आराम दिया जाए, पानी पिया जाए और स्वस्थ जीवनशैली अपनाई जाए. लिवर को स्वस्थ रखने के लिए शराब कम करना, संतुलित आहार लेना और नियमित शारीरिक गतिविधि बनाए रखना सबसे जरूरी है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.