राम मंदिर का निर्माण पूरा, श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा पूरा परिसर; 2027 में बनेगा संग्रहालय

राम मंदिर का निर्माण पूरा, श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा पूरा परिसर; 2027 में बनेगा संग्रहालय


Last Updated:

राम मंदिर परिसर का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो गया है, और अधिकांश संपत्तियां ट्रस्ट को सौंप दी गई हैं. सरयू तट के पास संग्रहालय दिसंबर 2027 तक तैयार होगा.

Zoom

राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है. अब पूरा परिसर श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा.

राम मंदिर परिसर का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो गया है. अब परिसर में कोई बड़ा निर्माण कार्य शेष नहीं है. राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर की अधिकांश संपत्तियां राम मंदिर ट्रस्ट को सौंप दी गई हैं. अब परिसर के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी ट्रस्ट संभालेगा.

अयोध्या पहुंचे नृपेंद्र मिश्रा ने निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. इसके बाद भवन निर्माण समिति की बैठक में शेष कार्यों, भविष्य की योजनाओं और निर्माण एजेंसियों के भुगतान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. मंदिर परिसर की बाउंड्री वॉल का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

दिसंबर 2027 तक तैयार होगा संग्रहालय

राम मंदिर परिसर के विकास की अगली बड़ी परियोजना संग्रहालय है. सरयू तट के निकट इसका निर्माण किया जा रहा है. इसे दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है. संग्रहालय में करीब 20 विशेष गैलरी बनाई जाएंगी. इनमें रामायण की कहानियों, इतिहास और वीडियो प्रदर्शनों के जरिए श्रद्धालुओं को भारतीय संस्कृति और रामकथा से परिचित कराया जाएगा.

निर्माण एजेंसियों के भुगतान पर निगरानी

निर्माण एजेंसियों के अंतिम भुगतान और वित्तीय क्लोजर की प्रक्रिया दिसंबर 2026 तक पूरी करने का लक्ष्य है. हालांकि, निर्माण में किसी तरह की कमी सामने आने पर एजेंसियां अगले तीन साल तक जिम्मेदार रहेंगी. इसी डिफेक्ट लाइबिलिटी प्रावधान के तहत उनका पांच प्रतिशत भुगतान रोककर रखा गया है.

श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर के विभिन्न मंदिरों और स्थानों के भ्रमण की अनुमति देने की योजना भी है. वहीं, भवन निर्माण समिति के मौजूदा स्वरूप में अगले तीन से चार महीने में बदलाव हो सकता है. राम मंदिर की सुरक्षा के लिए शीर्ष स्तर पर अलग समिति गठित की गई है. अब मंदिर निर्माण के बाद परिसर के संचालन, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने पर जोर दिया जा रहा है.



Source link