Last Updated:
पूर्णिया की महिला क्रिकेट खिलाड़ी अपूर्वा का चयन सीनियर विमेंस जोनल टी-20 चैलेंजर्स ट्रॉफी के ईस्ट जोन के लिए हुआ है. वह बिहार से चुनी जाने वाली एकमात्र खिलाड़ी हैं. 24 नवंबर से 4 दिसंबर तक गुवाहाटी में होने वाली प्रतियोगिता में देश के पांचों जोन की खिलाड़ी हिस्सा लेंगी. अपूर्वा ऑलराउंडर हैं और पहले टी-20 में मैन ऑफ द मैच भी जीत चुकी हैं. उनकी सफलता में कोच राजेश बैठा का अहम योगदान रहा है.
पूर्णिया की महिला क्रिकेट खिलाड़ी अपूर्वा
पूर्णिया: कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों और मेहनत करने का जज्बा हो, तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती. पूर्णिया की महिला क्रिकेट खिलाड़ी अपूर्वा ने इसे सच कर दिखाया है. अपनी मेहनत, लगन और शानदार खेल के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन किया है. अपूर्वा का चयन सीनियर विमेंस जोनल टी-20 चैलेंजर्स ट्रॉफी के ईस्ट जोन के लिए हुआ है. खास बात यह है कि बिहार से इस प्रतियोगिता के लिए चुनी जाने वाली वह एकमात्र महिला खिलाड़ी हैं.
अपूर्वा अब 24 नवंबर से 4 दिसंबर तक असम के गुवाहाटी में होने वाली जोनल प्रतियोगिता में खेलती नजर आएंगी. इस टूर्नामेंट में देश के सभी पांच जोन की बेहतरीन महिला क्रिकेट खिलाड़ी हिस्सा लेंगी. ऐसे में अपूर्वा को देश की दूसरी टैलेंटेड खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. उनके चयन से पूर्णिया के क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत में खुशी का माहौल है.
रंग लाई मेहनत
अपूर्वा ने अपनी इस सफलता का श्रेय लगातार अभ्यास और अच्छे प्रदर्शन को दिया है. उनका कहना है कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने लगातार मेहनत की है. मैदान पर घंटों अभ्यास करने के साथ ही उन्होंने अपने खेल को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया. इसी मेहनत का नतीजा है कि आज उन्हें बिहार की ओर से ईस्ट जोन की टीम में जगह मिली है.
कोच ने की जमकर मेहनत
अपूर्वा की इस सफलता के पीछे उनके कोच राजेश बैठा का भी बड़ा योगदान है. उन्होंने अपूर्वा को क्रिकेट की बारीकियां सिखाने से लेकर बड़े मुकाबलों के लिए तैयार करने तक लगातार मार्गदर्शन दिया. कोच की देखरेख में अपूर्वा ने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों को बेहतर बनाया. लगातार अभ्यास और सही मार्गदर्शन ने उनके खेल को नई पहचान दी है.
जिले में खुशी की लहर
पूर्णिया जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जयंत कुमार गौतम और उपाध्यक्ष पंकजा कुमारी ने भी अपूर्वा की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि अपूर्वा ने शुरुआत से ही क्रिकेट के प्रति काफी मेहनत और लगन दिखाई है. वह लगातार अपने खेल को बेहतर बनाने में जुटी रहीं. आज उनकी मेहनत का नतीजा है कि उनका चयन ईस्ट जोन की टीम के लिए हुआ है. अब वह गुवाहाटी में देश के पांचों जोन की खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरेंगी.
पहले भी दिखाया कमाल
अपूर्वा इससे पहले भी टी-20 क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं. वह टी-20 मुकाबले में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी जीत चुकी हैं. अपूर्वा एक ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं. यानी वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में टीम के लिए योगदान देती हैं. यही उनकी सबसे बड़ी ताकत भी है.