Last Updated:
Dev Deepawali 2026: दीवाली के 15 दिन बाद कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा को देव दीपावली मनाई जाती है. ऐसी मान्यता है कि इस दिन देवता धरतीलोक पर आते हैं. देव दीपावली पर नदी स्नान करने और दीपदान करने का महत्व है. इस बार यह पर्व कब है, आइए जानते हैं.
उज्जैन. कार्तिक मास की अमावस्या पर 8 नवंबर को दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया. अब इसके ठीक 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली का उत्सव मनाया जाएगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन स्वर्ग से देवतागण धरती पर आते हैं और दीप जलाकर दीपोत्सव मनाते हैं. यही वजह है कि इस पर्व को देवताओं की दीपावली यानी देव दीपावली कहा जाता है. इस दिन दीपदान और भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व माना गया है. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज से जानते हैं कि इस साल देव दीपावली कब मनाई जाएगी और इसका धार्मिक महत्व क्या है.
वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक पूर्णिमा यानी देव दीपावली का पर्व 24 नवंबर 2026, दिन मंगलवार को मनाया जाएगा. पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 23 नवंबर को रात 11 बजकर 42 मिनट पर होगी. इसका समापन 24 नवंबर को रात 8 बजकर 23 मिनट पर होगा.
कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान-दान और शुभ मुहूर्त
इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान-दान के लिए सुबह 5 बजकर 3 मिनट से लेकर सुबह 5 बजकर 57 मिनट तक ब्रह्म मुहूर्त रहेगा. फिर ब्रह्म मुहूर्त शुरू होने से लेकर सुबह 7 बजकर 47 मिनट तक आप पूजा-पाठ कर सकते हैं. वहीं इस दिन चंद्रोदय का समय शाम 5 बजकर 1 मिनट पर बताया गया है.
क्यों मनाई जाती है देव दीपावली?
हिंदू धर्म और ज्योतिष शास्त्र में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व माना गया है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी पावन तिथि पर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक शक्तिशाली राक्षस का संहार कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी. इसी विजय के चलते महादेव को त्रिपुरारी कहा गया और कार्तिक पूर्णिमा का नाम त्रिपुरारी पूर्णिमा पड़ा. मान्यता है कि असुर के वध से प्रसन्न होकर सभी देवी-देवताओं ने भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की और दीप जलाकर उत्सव मनाया. तभी से इस दिन को देव दीपावली के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई.
कार्तिक पूर्णिमा पर कैसे करें पूजा?
कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह सूर्योदय से पहले उठकर पवित्र स्नान करने का विशेष महत्व माना जाता है. इस दिन नदी, सरोवर या तीर्थस्थल में स्नान करना शुभ होता है. यदि बाहर जाना संभव न हो, तो घर पर पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान कर सकते हैं. इसके बाद भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा करें. श्रद्धानुसार दीपदान और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, फल व धन का दान करें. शाम को तुलसी के पास और मंदिर में दीपक जलाकर सुख-समृद्धि की कामना करें.