Last Updated:
Business Idea: दिल्ली के ट्रेड फेयर में झारखंड के गुमला जिले की महिलाओं ने देसी स्नैक्स का स्टॉल लगाया है. साल 2019 से शुरू हुए इस सफर में मक्के से बने लड्डू, ठेकुआ और भुजिया जैसे पारंपरिक उत्पाद बेचे जा रहे हैं. महिलाओं ने बताया कि वह इससे ठीक ठाक कमाई कर लेती हैं.
दिल्ली: राजधानी दिल्ली के ट्रेड फेयर में इस बार झारखंड के गांवों का स्वाद भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है. यहां गुमला जिले की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार किए देसी स्नैक्स का स्टॉल लगाया है. सबसे खास बात यह है कि ये महिलाएं सिर्फ पारंपरिक खाने की चीजें नहीं बना रहीं, बल्कि इनके जरिए अपनी पहचान और कमाई का रास्ता भी बना रही हैं. इनके स्टॉल पर लड्डू, निमकी, ठेकुआ, भुजिया और मिक्सचर जैसे कई देसी स्वाद मौजूद हैं. आइये जानते हैं इनकी सफलता के बारे में.
मक्के से तैयार हो रहा देसी स्नैक्स
इस स्टॉल से जुड़ी पंचो रेन और सीमा उरांव ने बताया कि वे झारखंड के गुमला जिले से आई हैं. उनके साथ भारतनो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के जरिए कई महिलाएं इस काम से जुड़ी हैं. इन खाद्य उत्पादों को बनाने के लिए सबसे पहले किसानों से मक्का खरीदा जाता है. इसके बाद मक्के को सुखाकर उसका आटा तैयार किया जाता है और फिर उससे अलग-अलग तरह के स्नैक्स बनाए जाते हैं. इनके लड्डू की खास बात यह है कि इसमें चीनी की जगह गुड़ के पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है. वहीं, दूसरे उत्पादों को भी पारंपरिक तरीके से तैयार करने की कोशिश की जाती है. महिलाएं देसी घी से बने उत्पाद भी तैयार करती हैं. फिलहाल इनके पास चार तरह के प्रमुख उत्पाद हैं और अब ये कुकीज बनाने की भी तैयारी कर रही हैं.
2019 से शुरू हुआ सफर
कंपनी से जुड़ी महिलाओं ने बताया कि वे साल 2019 से इस काम में लगी हुई हैं. शुरुआत में कारोबार चलाना आसान नहीं था. बाजार में अपने उत्पादों की पहचान बनाना और बिक्री बढ़ाना उनके लिए चुनौती थी, लेकिन धीरे-धीरे लोगों को इनके बनाए सामान पसंद आने लगे. अब बिक्री और मुनाफे में भी पहले के मुकाबले सुधार हुआ है.
गांव की महिलाओं के लिए बनी पहचान
इन महिलाओं के लिए यह काम सिर्फ कमाई का जरिया नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का मौका भी है. उनका कहना है कि पहले वे गांव तक ही सीमित थीं, लेकिन अब ट्रेड फेयर जैसे बड़े मंचों पर आकर अपने उत्पाद बेच रही हैं. लोगों के सामने अपने काम के बारे में बताना और अपने बनाए सामान की बिक्री होते देखना उन्हें अच्छा लगता है.
इतने रुपये में मिल रहे हैं देसी स्नैक्स
अगर कीमत की बात करें तो इनके स्टॉल पर लड्डू 200 रुपये, निमकी और भुजिया 100 रुपये, ठेकुआ 150 रुपये और मिक्सचर 70 रुपये में मिल रहा है. झारखंड के गांवों से दिल्ली तक पहुंचा इन महिलाओं का यह सफर दिखाता है कि स्थानीय किसानों की उपज और महिलाओं की मेहनत मिलकर रोजगार का अच्छा अवसर तैयार कर सकती हैं.