गोरखपुर में JCB से छात्र की मौत: परिजन से मिलकर CM योगी बोले- ये हत्या है, अखिलेश ने CCTV से दी सफाई

गोरखपुर में JCB से छात्र की मौत: परिजन से मिलकर CM योगी बोले- ये हत्या है, अखिलेश ने CCTV से दी सफाई


Last Updated:

सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज शाम को पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने इसे हत्या करार देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. दूसरी तरफ अखिलेश यादव ने हादसे का सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए लिखा कि मुद्दे पर सियासी खेल खेला जा रहा है. वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि वहां ना कोई रोड शो है ना रैली है.

Zoom

सीएम योगी ने की परिजन से भेंट

रामगोपाल द्विवेदी, गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में जेसीबी से कुचलकर एक स्कूली छात्र की मौत पर सियासत गरमा गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृहनगर में यह हादसा उस समय हुआ, जब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के स्वागत से लौट रहे जेसीबी की चपेट में आने से यह हादसा हुआ. खुद सीएम ने आज शाम को पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने इसे हत्या करार देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. दूसरी तरफ अखिलेश यादव ने हादसे का सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए लिखा कि मुद्दे पर सियासी खेल खेला जा रहा है. वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि वहां ना कोई रोड शो है ना रैली है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को टाउनहाल पर भाजपा के जन चौपाल को संबोधित करने के बाद सीएम योगी आवास विकास कॉलोनी झारखंडी स्थित ओंकार सिंह के आवास पहुंचे. यहां उन्होंने ओंकार सिंह के पुत्र आर्यवर्धन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने बच्चे के मां, पिता सहित अन्य परिजन से संपर्क कर ढांढस बंधाया. गोरखपुर पुलिस ने 6 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है. इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और पीड़ित परिवार को तत्काल पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की.

आर्यवर्धन को श्रद्धांजलि देने और परिवार को ढांढस बंधाने के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के गुंडों ने कल एक नाबालिग बच्चे को यहां कुचलकर के उसकी निर्मम हत्या की है. मैं यहां पीड़ित परिवार से मिलने आया हूं. ये परिवार गोरखपुर के चौरीचौरा से जुड़े जो ऐतिहासिक घटना है. उसके एक महत्वपूर्ण क्रांतिकारी के परिवार का वह लड़का सदस्य था. जिन 172 लोगों को ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़ते हुए फांसी की सजा हुई थी. और जिनकी पैरोकारी उस समय महानमा पंडित मदन मोहन मालवीय जी के कारण जिन लोगों को फांसी की सजा से आजीवन कारावास की सजा में बदलने में सफलता हासिल हुई थी, उन लोगों में से इस परिवार के बुजुर्ग भी थे. एक स्वाधीनता संग्राम सेनानी परिवार के साथ ऐसी क्रूरता अक्षम्य है.

सीएम ने कहा- ये सपा का इतिहास रहा है. गुंडागर्दी, अराजकता, उद्दंडता. सड़कें चलने के लिए होती हैं, अराजकता के लिए नहीं. 14 साल का वो नाबालिग हाईस्कूल का छात्र था. स्कूल से लौट रहा था. जेसीबी से ठोककर लगने के बाद जबर्दस्ती वाहन चढ़ाकर उसकी हत्या की गई. सपा के गुंडों को शर्म नहीं आती है. ऐसी कायराना हरकतों से पहले प्रदेश को शर्मसार किया. आज फिर से गर्मी चढ़ रही है. कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की जाएगी. पूरा परिवार शोक संतप्त है. मासूम की मौत से मर्माहत है.

उन्होंने कहा कि मैं स्वयं यहां पर अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए आया हूं. उस गुंडे के खिलाफ कार्रवाई होगी. इसमें जवाबदेही भी तय की जाएगी. जिन परिवार ने देश की आजादी के लिए यातना झेली हो, उसके परिवार के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है. इन गुंडों की इन हरकतों को सही ढंग से सबक भी सिखाएंगे. जिसने भी मासूम को कुचलने की हिमाकत की है, उसको इसकी कीमत चुकानी होगी.

अखिलेश ने CCTV जारी कर दी सफाई

वहीं अखिलेश यादव ने घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज शेयर करते हुए लिखा कि ये वीडियो गवाह है कि गोरखपुर में एक युवक की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के बारे में यूपी के मुख्यमंत्री जिस प्रकार बिना किसी सबूत के दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं, वो बेहद निंदनीय है और एक बेहद निम्नस्तरीय राजनीति का उदाहरण भी. इस वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि वहां ना कोई रोड शो है ना रैली जिस पर यूपी के मुख्यमंत्री जी दोष मढ़ रहे हैं. इस हादसे पर सियासत का खेल खेलने से मृतक के शोक संतप्त परिवारवालों के साथ भी अन्याय हो रहा है. इस हादसे की सर्वोच्च स्तरीय जांच हो और सच को उजागर किया जाए.

उन्होंने आगे लिखा- हृदयहीन-असंवेदनशील लोग सिर्फ़ राजनीति करते हैं, एक बच्चे के जाने का दुख परिवारवाले ही समझ सकते हैं. किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है और अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं. इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करनेवाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी मां के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी. शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है.



Source link