Last Updated:
Who Is Varsha Turkar: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की तिरोड़ा तहसील के बोंडरानी जंगल में वर्षा तुरकर की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. वर्षा पुणे एयरपोर्ट पर एयर इंडिया में काम कर रही थीं. अब हत्या की इस गुत्थी को सुलझाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. वर्षा अपने दोस्त नितेश अग्रवाल के साथ जंगल में घूमने गई थीं. तब नितेश ने पुलिस को बताया कि उन पर बदमाशों ने हमला किया और वह सामान ले गए. अब इस हत्याकांड की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. वर्षा की नितेश की गहरी दोस्ती थी और यह बात नितेश की पत्नी को बिल्कुल पसंद नहीं थी. इसी वजह से उसने वर्षा को हटाने के लिए 13 लाख की सुपारी दी.
एयर होस्टेस वर्षा तुरकर मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की रहने वाली थीं. उनकी 14 नवंबर को महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. उनकी मौत का आरोप उनके दोस्त नितेश अग्रवाल पर लगा है. बताया जा रहा है कि वह दीपावली की छुट्टियां मनाने के लिए अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मायके आई हुई थीं. बेरहमी से हुए इस कत्ल के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया था. सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस ने 6 टीमें गठित की थीं. अब आखिरकार पुलिस को सफलता मिल गई है.
पुलिस टीमों ने तिरोड़ा, खैरलांजी, वारासिवनी और बालाघाट से गोंदिया आने वाले रास्तों पर गहन तलाशी अभियान चलाया. इसके अलावा करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की चार दिनों तक जांच की. तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंचने में कामयाब रही.
पुलिस को जांच में पता चला है कि नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल अपने पति और वर्षा तुरकर के बीच चल रहे प्रेम संबंधों से नाराज थी. उसने इस संबंध को खत्म करने की ठानी. इसके बाद वर्षा की हत्या की खौफनाक साजिश रची. उसने वर्षा की हत्या के लिए करीब 13 लाख रुपए की सुपारी दी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल ने अपने घर के पास रहने वाले कुणाल कुंभलकर को सारी बात बताई. फिर उसकी मदद से शाहरुख खान, फिरोज पठान से संपर्क किया और सुपारी दे दी. बताया जा रहा है कि मोना के कहने पर ही किलर ने वर्षा की हत्या की.
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए इमरान करीम शेख, शाहरुख खान, फिरोज खान पठान, कुणाल श्यामलाल कुंभलकर और मुख्य साजिशकर्ता मोना नितेश अग्रवाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने कहा कि वारदात में अभी दो अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.
वर्षा तुरकर ने साल 2022 में समर सैयद से प्रेम विवाह किया था. दोनों की एक बेटी भी है. उनके पति समर सैयद भी इंदौर एयरलाइंस में नौकरी करते हैं. वर्षा 16 साल से एयरलाइंस सेक्टर में काम कर रही थीं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2010 में गो एयर से की थी. वह पुणे में ही रहती थीं.