Last Updated:
Kota 79 Ton Bell : कोटा के चंबल रिवर फ्रंट पर 12 करोड़ की लागत से बना 79 टन का विशाल घंटा तीन साल से सांचे में कैद है. हादसे में दो इंजीनियरों की मौत के बाद काम रुका हुआ है और सरकार ने इसे व्यर्थ खर्च माना है. तीन साल से सांचे में कैद इस घंटे का भविष्य अब भी सवालों के घेरे में है. क्या विशेषज्ञों की मदद से इसे सुरक्षित बाहर निकालकर निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाएगा?
12 करोड़ खर्च, फिर भी सांचे में कैद है 79 टन का घंटा
कोटा के चंबल रिवर फ्रंट पर दुनिया के सबसे बड़े घंटों में शामिल होने के दावे के साथ 79 टन का विशाल घंटा तैयार किया गया था. करीब 12 करोड़ रुपए खर्च होने के बावजूद तीन साल से यह अपने सांचे में कैद है और निर्धारित स्थान पर स्थापित नहीं हो पाया है.
13 धातुओं से तैयार हुआ 30 फीट ऊंचा घंटा
अगस्त 2023 में इस घंटे की ढलाई पूरी हुई थी. इसे 13 धातुओं के मिश्रण से सिंगल पीस कास्टिंग तकनीक के जरिए तैयार किया गया. इसकी ऊंचाई करीब 30 फीट और चौड़ाई 28 फीट बताई गई. दावा था कि इसकी आवाज 8 किलोमीटर दूर तक सुनाई देगी.
दुनिया के बड़े घंटों में बनानी थी खास पहचान
कोटा के घंटे को दुनिया के विशाल घंटों में शामिल करने का लक्ष्य था. रूस का जार बेल 202 टन, चीन का बेल ऑफ गुड लक 116 टन और म्यांमार का मिंगुन बेल 92 टन वजनी है. वहीं कोटा का घंटा 79 टन का है. जापान के चियोन-इन मंदिर का घंटा करीब 70 टन वजनी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
क्या कभी बजेगा कोटा का 79 टन का विशाल घंटा?
तीन साल से सांचे में कैद इस घंटे का भविष्य अब भी सवालों के घेरे में है. क्या विशेषज्ञों की मदद से इसे सुरक्षित बाहर निकालकर निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाएगा? क्या 12 करोड़ रुपए की रिकवरी होगी? या फिर यह विशाल घंटा कभी न बज पाने वाले स्मारक के रूप में रह जाएगा?
ठेकेदार को रिकवरी का नोटिस, फर्म ने उठाए सवाल
सरकारी निर्देशों के बाद कोटा विकास प्राधिकरण ने सितंबर में संबंधित फर्म मेसर्स राजीव शर्मा तलवंडी को रिकवरी का नोटिस जारी किया. हालांकि ठेकेदार ने अपने जवाब में रिकवरी की कार्रवाई को गलत बताया है. KDA के अनुसार ठेकेदार से वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
सांचे से निकालते समय हुआ दर्दनाक हादसा
19 नवंबर 2023 को घंटे को मोल्ड बॉक्स से बाहर निकालने के दौरान हाइड्रोलिक क्रेन की प्रक्रिया में लोहे का भारी गार्डर टूट गया. करीब 35 फीट की ऊंचाई पर काम कर रहे कास्टिंग इंजीनियर देवेंद्र आर्य और उनके सहयोगी छोटू सिंह नीचे गिर गए. इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. इसके बाद काम रुक गया.
सरकार ने 12 करोड़ के खर्च को माना वेस्टफुल एक्सपेंडिचर
घंटा निर्धारित स्थान पर स्थापित नहीं होने के कारण राज्य सरकार ने इस पर हुए खर्च को व्यर्थ यानी वेस्टफुल एक्सपेंडिचर माना है. सरकार ने ठेकेदार को अपने स्तर पर व्यवस्था कर घंटा स्थापित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही पहले किए गए भुगतान की रिकवरी के आदेश भी दिए गए हैं.