Last Updated:
Yoga Setu Indian Air Force Central Sanskrit University: भारतीय वायुसेना और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय ने अग्निवीर वायु जवानों के लिए ‘योग सेतुः’ समझौता किया है. जानिए ऑनलाइन योग ट्रेनिंग की खास बातें, सिलेबस और जवानों को मिलने वाले फायदे.
Indian Air Force: योग ट्रेनिंग से जवानों को सेल्फ डिसिप्लिन बढ़ाने में मदद मिलेगी
नई दिल्ली (Yoga Setu for Agniveer Vayu). देश के आसमान की सुरक्षा संभालने वाले वायु योद्धाओं को भारतीय योग परंपरा से जोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है. भारतीय वायुसेना और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बीच ‘योग सेतुः’ कार्यक्रम को लेकर MoU साइन हुआ है. इसके तहत अग्निवीरवायु जवानों को योग प्रशिक्षक (लेवल-1) का खास सर्टिफिकेशन कोर्स कराया जाएगा. यह ट्रेनिंग ऑनलाइन और कंप्यूटर बेस्ड मोड से दी जाएगी. इससे जवान अपनी ड्यूटी और शेड्यूल के हिसाब से आसानी से सीख सकेंगे.
सैन्य लाइफ में ताकत और चुस्ती बहुत जरूरी है. उतनी ही जरूरत मानसिक शांति और एकाग्रता की भी होती है. इसी सोच के साथ यह पहल शुरू की गई है. इससे जवानों की फिटनेस के साथ-साथ स्ट्रेस संभालने की क्षमता भी मजबूत होगी. समझौते के दौरान केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी ने कहा कि वायुसेना आकाश में है और विश्वविद्यालय जड़ों में… और योग इन दोनों को जोड़ता है. जानिए इस ट्रेनिंग और समझौते की खास बातें.
सिलेबस में क्या-क्या होगा?
इस ट्रेनिंग प्रोग्राम को केवल कसरत तक सीमित नहीं रखा गया है. इसमें योगासन, प्राणायाम और ध्यान के साथ-साथ स्ट्रेस मैनेजमेंट, योग दर्शन और योगिक डाइट जैसे विषय भी जोड़े गए हैं. इसका मकसद अग्निवीर वायु जवानों की शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता, फोकस और आत्मानुशासन को बढ़ाना है. स्ट्रेसफुल या कठिन हालात में भी बैलेंस बनाए रखने में यह सीख काफी मददगार हो सकती है.
Agniveer Vayu Yoga Instructor Level 1 Course: फोटो Mou आदान प्रदान करते हुए
गीता के सूत्र और योग का बड़ा संदेश
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी ने श्रीमद्भगवद्गीता के ‘समत्वं योग उच्यते’ और ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ का जिक्र करते हुए कहा कि योग जीने का बैलेंस्ड तरीका है. यह केवल सर्टिफिकेट लेने का जरिया नहीं है, बल्कि जवानों को योग का कंडक्टर बनाने की कोशिश है. इससे वे खुद के साथ अपने परिवार और समाज में भी यह संदेश पहुंचा सकेंगे. भविष्य में लीडरशिप डेवलपमेंट, नैतिकता, संस्कृत और भारतीय भाषाओं के क्षेत्र में भी मिलकर काम करने की संभावनाएं जताई गई हैं.
समझौते के वक्त कौन-कौन मौजूद रहा?
इस मौके पर वायुसेना के प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई एयर मार्शल हरदीप बैंस (AOP) ने की. उनके साथ एयर वाइस मार्शल विशाल मल्होत्रा, एयर वाइस मार्शल बी.एस. कंवर और एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. विश्वविद्यालय की तरफ से कुलसचिव प्रो. आर.जी. मुरली कृष्ण, ओएसडी प्रो. मधुकेश्वर भट्ट और शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. ललित कुमार त्रिपाठी शामिल हुए.
ऑनलाइन और CBT मॉडल क्यों खास है?
ड्यूटी वाले जवानों के लिए एक जगह इकट्ठा होकर लंबी क्लास करना आसान नहीं होता. ऐसे में ऑनलाइन और कंप्यूटर बेस्ड ट्रेनिंग जवानों को अपनी सुविधा और समय के मुताबिक सीखने की फ्लेक्सिबिलिटी देता है. साथ ही, लेवल-1 योग ट्रेनर का सर्टिफिकेट मिलने से जवानों को structured और मान्यता प्राप्त स्किल्स भी मिलती हैं. ये सेवा के दौरान फिटनेस बनाए रखने के साथ आगे चलकर भी काम आ सकती हैं.
‘योग सेतुः’ पहल से मॉडर्न सैन्य तैयारियों और पुरानी भारतीय ज्ञान परंपरा के बीच तालमेल बनेगा. इससे जवानों का सेल्फ डिसिप्लिन और मजबूत होगा. साथ ही योग की परंपरा को भी नई एनर्जी मिलेगी.