हिमाचल प्रदेश में 25 नंवबर तक मौसम साफ, लाहौल में पारा -3.4 डिग्री तक लुढका, ठियोग में कार पर लैंडस्लाइड से युवक की मौत

हिमाचल प्रदेश में 25 नंवबर तक मौसम साफ, लाहौल में पारा -3.4 डिग्री तक लुढका, ठियोग में कार पर लैंडस्लाइड से युवक की मौत


शिमला. हिमाचल प्रदेश में चटक धूप खिल रही है और अगले सात दिन तक मौसम साफ रहेगा. ऐसे में बारिश और बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं. शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान जारी किया है. हालांकि, लाहौल स्पीति में ऊंचाई वाले इलाकों में अब नदी नाले जमने लगे हैं और यहां पर पारा माइनस में चला गया है.

जानकारी के अनुसार, शिमला के ठियोग में कार पर लैंड्स्लाइड की वजह से युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हैं. प्रदेश के कई भागों में सुबह-शाम ठंड काफी बढ़ी है और सात स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है.. लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी और केलांग का न्यूनतम तापमान माइनस में चला गया है.

मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया कि 25 नवंबर को हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहेगा. गुरुवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 9.0, सुंदरनगर 5.4, भुंतर 3.7, कल्पा 3.0, धर्मशाला 12.0, ऊना 7.3, नाहन 11.1, केलांग -1.5, पालमपुर 6.5, सोलन 5.0, मनाली 2.8, कांगड़ा 7.9, मंडी 6.2, बिलासपुर 7.5, चंबा 5.8, जुब्बड़हट्टी 10.0, कुफरी 9.6 , कुकुमसेरी -3.8, भरमौर 8.0, सेऊबाग 3.0, बरठीं 6.1, पांवटा साहिब 16.0, सराहन 15.3, देहरागोपीपुर 11.0, नेरी 12.1  और बजौरा में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ऊना में बीते रोज बुधवार को 29 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है.

शिमला जिले के ठियोग के छैला में चेउ नाला में शरमला के पास कार पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिर गए और युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल हुआ है. मृतक की पहचान संदेश पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी गांव पोहल, डाकघर बखोल, तहसील कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पहाड़ से गिरे पत्थरों की चपेट में आने के कारण संदेश के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई.

चंबा का साच पास बंद

हिमाचल प्रदेश में बीते रविवार को बर्फबारी के चलते चंबा का साच दर्रा बंद हो गया है और पांगी घाटी को जोड़ने वाला मार्ग पूरी तरह से बंद है. मार्ग पर करीब दो से ढाई फीट तक ताजा हिमपात हुआ था. लोक निर्माण विभाग ने दो दिन पहले मार्ग को बहाल करने के लिए दोनों तरफ से मशीनरी लगाकर प्रयास शुरू किए थे, लेकिन लगातार हो रही बर्फबारी के कारण विभाग को अपना काम रोकना पड़ा. बार-बार हो रहे हिमपात के चलते फिलहाल मार्ग खोलना संभव नहीं है. एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण साच पास मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है. जब तक मौसम साफ नहीं होता, तब तक मार्ग बहाल करना संभव नहीं है. मौसम अनुकूल होते ही लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग खोलने का कार्य शुरू किया जाएगा. उन्होंने आम लोगों और पर्यटकों से अपील की कि वे फिलहाल साच पास की ओर जाने से परहेज करें.



Source link