Cracked Heels Home Remedies : जैसे-जैसे सर्दियां दस्तक देती हैं, हमारे चेहरे और हाथों के साथ-साथ पैरों की त्वचा भी रूखी होने लगती है. खासकर एड़ियों की स्किन मोटी होती है और वहां ऑयल ग्लैंड्स कम होते हैं, इसलिए ठंडी हवा और कम नमी के चलते एड़ियां जल्दी फटने लगती हैं. कई बार यह रूखापन इतना बढ़ जाता है कि चलने-फिरने में हल्का दर्द या खिंचाव भी महसूस होने लगता है. अच्छी बात यह है कि फटी एड़ियों को ठीक करने के लिए बहुत महंगे ट्रीटमेंट या घंटों पार्लर जाने की जरूरत नहीं.
आप सोने से पहले अगर रात में 10 मिनट अपने एडि़यों को दे दें तो ही ये मक्खन से मुलायल, गुलाबी से हो सकते हैं. दरअसल, स्किन केयर के लिए सबसे अच्छा समय रात का होता है. रात में स्किन खुद को सबसे तेज रफ्तार में हील करती है. ऐसे में अगर आप रोज सोने से पहले बस 10 से 15 मिनट का एक आसान रूटीन अपना लें, तो कुछ ही दिनों में एड़ियां मुलायम दिखने लगेंगी.
फटी एड़ियों को ठीक करने के लिए बहुत महंगे ट्रीटमेंट या घंटों पार्लर जाने की जरूरत नहीं.
क्यों जरूरी है रात का फुट केयर रूटीन
दिन भर हम चलते-फिरते हैं, मोजे या जूते पहनते हैं और घर के काम करते हैं, जिससे पैरों पर लगातार दबाव पड़ता है. रात को जब हम आराम करते हैं, तब त्वचा की रिपेयर प्रक्रिया तेज होती है. ऐसे में सही तरीके से देखभाल करने पर रूखी त्वचा को गहराई से पोषण मिल सकता है.
विंटर में रूखी और फटी एड़ियों की देखभाल ऐसे करें-
स्टेप 1: गुनगुने पानी से पैरों को भिगोएं
रात को सोने से पहले एक टब या बड़े बर्तन में हल्का गुनगुना पानी लें. इसमें थोड़ा सा नमक, शैंपू या कुछ बूंदें नारियल या बादाम के तेल की डाल दें. अपने पैरों को करीब 10 मिनट तक इस पानी में भिगोकर रखें. इससे एड़ियों की जमी हुई गंदगी नरम पड़ जाती है और डेड स्किन ढीली होने लगती है.
स्टेप 2: हल्के हाथ से एक्सफोलिएट करें
पानी से पैर निकालने के बाद प्यूमिस स्टोन या मुलायम फुट स्क्रबर की मदद से एड़ियों को बहुत हल्के हाथ से रगड़ें. ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा जोर लगाकर न रगड़ें, खासकर अगर एड़ियों में गहरे कट या दर्द हो रहा हो. बस ऊपर की रूखी और बेजान परत को धीरे से हटाएं ताकि नई त्वचा नमी सोख सके.
स्टेप 3: गहराई से मॉइश्चराइज करें
पैर पोंछने के बाद जब त्वचा हल्की नम रहे, तभी उस पर गाढ़ी फुट क्रीम, पेट्रोलियम जेली, घी या देसी मॉइश्चराइजर लगाएं. एड़ियों के किनारों और तलवों पर इसे अच्छी तरह मसाज करें. इससे नमी त्वचा के अंदर लॉक हो जाती है और रात भर रूखापन नहीं बढ़ने पाता.
स्टेप 4: सूती मोजे पहनकर सोएं
मॉइश्चराइजर लगाने के तुरंत बाद साफ और आरामदायक कॉटन के मोजे पहन लें. इससे क्रीम या तेल बिस्तर पर लगने के बजाय सीधे आपकी त्वचा में समाएगा और गर्मी के कारण असर भी बेहतर होगा. अगर आपको मोजे पहनकर सोने में असहजता होती है, तो कम से कम आधे से एक घंटे तक पहनकर रखें.
इन छोटी बातों का भी रखें ध्यान
सर्दियों में बहुत ज्यादा गर्म पानी से नहाने से बचें, क्योंकि यह त्वचा की प्राकृतिक नमी छीन लेता है. दिन में भी पर्याप्त पानी पिएं और नंगे पैर ठंडे फर्श पर चलने से बचें. नियमित रूप से यह आसान रात का रूटीन अपनाने से आपकी एड़ियां धीरे-धीरे मुलायम और स्वस्थ नजर आने लगेंगी.
(नोट: यह जानकारी सामान्य घरेलू देखभाल और जीवनशैली से जुड़े सुझावों पर आधारित है. यदि एड़ियों में बहुत गहरा दर्द, खून आना, सूजन या संक्रमण की समस्या हो, तो त्वचा विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह जरूर लें.)