Last Updated:
Bihar News : बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख अफजल आलम के कई ठिकानों पर छापेमारी की. मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में एक साथ रेड की जा रही है. मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर में भी टीम पहुंची है. अफजल आलम पर आय से करीब 259.94 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. उन पर अवैध तरीके से 1 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जुटाने का आरोप है.
(EOU) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख अफजल आलम के कई ठिकानों पर छापेमारी की.
इनपुट- प्रियांक सौरभ/राकेश रंजन
मुजफ्फरपुर/सीतामढ़ी. बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख अफजल आलम के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है. EOU की टीम मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में अलग-अलग जगहों पर रेड कर रही है. मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर में भी टीम ने छापेमारी की है.
जानकारी के मुताबिक, अफजल आलम पर अवैध तरीके से करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. जांच में उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से करीब 259.94 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया है. इसी मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने यह कार्रवाई शुरू की है.
2 दर्जन वाहनों के काफिले के साथ पहुंची EOU की टीम
गुरुवार सुबह से ही EOU की अलग-अलग टीमें मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड में अफजल आलम के तीन ठिकानों पर एक साथ रेड की जा रही है. बताया जा रहा है कि टीम करीब दो दर्जन वाहनों के काफिले के साथ कार्रवाई करने पहुंची है. छापेमारी की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे. कार्रवाई को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. छापेमारी वाले ठिकानों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है.
आय से 259.94 फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप
आर्थिक अपराध इकाई की इस कार्रवाई का मुख्य आधार आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. अफजल आलम पर अपनी ज्ञात आय के मुकाबले करीब 259.94 प्रतिशत अधिक संपत्ति जुटाने का आरोप है. EOU की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं.
फिलहाल छापेमारी जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति और अन्य बरामदगी को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी. EOU की कार्रवाई से सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में चर्चाओं का बाजार गर्म है.