पत्नी के नाम ट्रांसफर कर सकते हैं म्यूचुअल फंड, नहीं न‍िकालना पड़ेगा पैसा

पत्नी के नाम ट्रांसफर कर सकते हैं म्यूचुअल फंड, नहीं न‍िकालना पड़ेगा पैसा


आपने एक-एक पैसा जोड़कर म्यूचुअल फंड बनाया. अब आप चाहते हैं क‍ि वह पैसा आपकी पत्‍नी या पत‍ि के नाम ट्रांसफर हो जाए. पहले लोग सोचते थे क‍ि इसके ल‍िए फंड बेचना पड़ेगा. पूरा पैसा न‍िकालना पड़ेगा. फ‍िर उनके नाम से दोबारा म्‍यूचुअल फंड खरीदना पड़ेगा. लेकिन अब ऐसा नहीं है. आप अपना म्‍यूचुअल फंड सीधे अपनी पत्‍नी या पत‍ि को ग‍िफ्ट कर सकते हैं, वो भी ब‍िना बेचे.

दरअसल, म्यूचुअल फंड की देखरेख करने वाली संस्था एएमएफआई ने कुछ नए न‍ियम बनाए हैं, ज‍िससे पत्‍नी को म्‍यूचुअल फंड ट्रांसफर करना आसान हो गया है. पहले अगर आपके फंड सीधे कंपनी के पास यानी स्टेटमेंट ऑफ अकाउंट या एसओए फॉर्म में होते थे, तो उन्हें ट्रांसफर करने के लिए डीमैट खाते में बदलवाना पड़ता था. अब वह झंझट खत्म हो गया है. चाहे आपका फंड डीमैट में हो या एसओए में, दोनों आसानी से ट्रांसफर हो सकते हैं.

ट्रांसफर करने का तरीका क्या?

यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपका म्यूचुअल फंड किस रूप में रखा है. अगर डीमैट खाते में है तो आप अपने ब्रोकर या डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट के जरिए ऑफ-मार्केट ट्रांसफर करवा सकते हैं. अगर एसओए फॉर्म में है तो सीधे म्यूचुअल फंड कंपनी या उनके रजिस्ट्रार के दफ्तर से यह काम हो जाएगा. जब आप बिना डीमैट खाते के सीधे म्यूचुअल फंड कंपनी या किसी ऐप के माध्यम से निवेश करते हैं, तो आपकी यूनिट्स एसओए (Statement of Account) फॉर्मेट में स‍िक्‍योर रहती हैं.

कैसे करें ट्रांसफर

  1. सबसे पहले अपना फोलियो नंबर, स्कीम का नाम और आपके पास कितनी यूनिट्स हैं, इसकी पूरी जानकारी एक जगह लिख लें.
  2. आप और आपके जीवनसाथी, दोनों का केवाईसी पूरा होना जरूरी है. इसके बिना गाड़ी आगे नहीं बढ़ेगी.
  3. म्यूचुअल फंड कंपनी, रजिस्ट्रार या अपने ब्रोकर से ट्रांसफर वाला फॉर्म ले लें.
  4. गिफ्ट डीड बनवाएं. यह एक तरह का लिखा-पढ़ी वाला कागज होता है, जिसमें लिखा होता है कि आप अपनी मर्जी से यह फंड गिफ्ट कर रहे हैं.
  5. भरा हुआ फॉर्म और जरूरी कागज संबंधित दफ्तर में जमा कर दें. जमा करने के बाद बीच-बीच में पता करते रहें कि ट्रांसफर हुआ या नहीं.

कौन-कौन से कागज लगेंगे?

पैन कार्ड, केवाईसी के कागज, पहचान पत्र, बैंक खाते की जानकारी, गिफ्ट डीड और अगर डीमैट से ट्रांसफर कर रहे हैं तो डिलीवरी इंस्ट्रक्शन स्लिप. हालांकि, कंपनी के हिसाब से एक-दो कागज कम या ज्यादा हो सकते हैं.

टैक्स बचेगा क्‍या

  1. गिफ्ट देते समय कोई टैक्स नहीं: जब आप अपने पति या पत्नी को म्यूचुअल फंड गिफ्ट करते हैं, तो इनकम टैक्स के नियमों के हिसाब से न आपको कोई टैक्स देना है और न ही उन्हें. रिश्तेदारों को दिया गया गिफ्ट टैक्स से बाहर होता है.
  2. बेचते समय टैक्स लगेगा: जब भविष्य में आपके जीवनसाथी उन यूनिट्स को बेचेंगे, तब मुनाफे पर टैक्स बनेगा. और हाँ, मुनाफा उस दिन के भाव से नहीं गिना जाएगा जिस दिन आपने गिफ्ट दिया था, बल्कि उस दिन के भाव और तारीख से गिना जाएगा जब आपने उसे पहली बार खरीदा था.

टैक्स बचाने का जुगाड़ नहीं चलेगा!

कई लोग सोचते हैं कि मेरी कमाई ज्‍यादा है और पत्नी की कमाई कम है, तो चलो फंड उनके नाम कर देते हैं, इससे टैक्स बच जाएगा. लेकिन इनकम टैक्स वाले भी बड़े चतुर हैं. इनकम टैक्स कानून की धारा 64(1)(iv) के तहत क्लबिंग का नियम लागू होता है. इसका सीधा मतलब यह है कि अगर आपने बिना पैसे लिए अपने जीवनसाथी को फंड गिफ्ट किया है, और बाद में वे उसे बेचकर मुनाफा कमाते हैं, तो वह मुनाफा आपकी ही कमाई में जोड़ दिया जाएगा. यानी टैक्स का बिल आखिर में आपके ही नाम फटेगा. इसलिए सिर्फ टैक्स बचाने के लिए ट्रांसफर करने का कोई फायदा नहीं है.



Source link