राजस्थान के करौली के मीणा परिवार के पास 30 साल से बरकरार है सरपंचाई की कमान, 2 बार पति तो 4 बार पत्नी बनी सरपंच

राजस्थान के करौली के मीणा परिवार के पास 30 साल से बरकरार है सरपंचाई की कमान, 2 बार पति तो 4 बार पत्नी बनी सरपंच


Last Updated:

Azizpur Sarpanch Chunav Todabhim Karauli : राजस्थान में पंचायत चुनाव के चारों चरण पूरे हो चुके हैं. सरपंचों और वार्ड पंचों के नतीजे आ चुके हैं. इन नतीजों में कई नई-नई कहानियां सामने आई हैं. कहीं जवानी की दहलीज पर कदम रखने वाले युवाओं ने गांवों की राजनीति में एंट्री कर शानदार सफलता हासिल की है. वहीं कई पंचायतें ऐसी हैं जहां पुराने सियासतदारों का कब्जा बरकरार है. यह कहानी एक ऐसी ही सियासी परिवार की है जो बीते तीन दशक से गांव की कमान संभाले हुए है. यह कहानी है करौली जिले की टोडाभीम पंचायत समिति के अजीजपुर ग्राम पंचायत की. इस पंचायत के राम सिंह मीणा और उनकी पत्नी कावेरी देवी छह बार सरपंच रह चुके हैं. अब फिर से कावेरी देवी सरपंच पद पर जीत दर्ज कराई है.

Zoom

राम सिंह मीणा सरपंच के अलावा पांच साल तक प्रधान भी रह चुके हैं.

करौली. राजनीति में कुछ परिवार ऐसे होते हैं जिनकी पहचान लंबे समय तक नेतृत्व और जनसेवा से जुड़ी रहती है. ऐसा ही एक उदाहरण है करौली जिले के टोडाभीम इलाके की अजीजपुर ग्राम पंचायत का. यहां राम सिंह मीणा और उनकी पत्नी कावेरी मीणा करीब तीन दशक से पंचायत की राजनीति में अपना दबदबा बनाए हुए हैं. लगातार दो बार सरपंच बनने के बाद जब पति प्रधान बन गए तो सरपंचाई की कमान पत्नी ने संभाल ली. हाल ही में हुए चुनाव में कावेरी मीणा ने लगातार चौथी बार सरपंच पद पर जीत दर्ज कराई है. कावेरी मीणा ने चौथी बार सरपंच पद पर जीत दर्ज कर परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया है.

जानकारी के अनुसार रामसिंह मीणा ने वर्ष 1981 में मंडेरु ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़कर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी. उन्होंने चुनाव में जीत हासिल की और लगातार दूसरी बार भी सरपंच चुने गए. उस समय पंचायत चुनाव नियमित रूप से नहीं होने के कारण वे वर्ष 1995 तक मंडेरु ग्राम पंचायत के सरपंच रहे. वे लगातार 15 साल सरपंच की कमान संभाले रहे. साल 1995 में पंचायत पुनर्गठन के दौरान मंडेरु से अलग होकर अजीजपुर स्वतंत्र ग्राम पंचायत बन गई.

सरपंच नहीं बन पाए तो प्रधान बन गए
इस चुनाव में सरपंच पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण मीणा गांव से सरपंच का चुनाव नहीं लड़ पाए. लेकिन उन्होंने पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा. उसके बाद वे टोड़ाभीम पंचायत समिति के प्रधान बने. उन्होंने पांच साल तक प्रधान के रूप में जिम्मेदारी निभाई. साल 2000 में हुए पंचायत राज चुनाव में मीणा ने अपनी पत्नी कावेरी मीणा को चुनाव मैदान में उतारा. कावेरी मीणा ने पहली बार सरपंच पद के लिए चुनाव मैदान में कदम रखा और जीत दर्ज कर पंचायत की कमान संभाली.

पति पत्नी दोनों मिलकर अब तक 30 साल सरपंच रह चुके हैं
उसके बाद साल 2005 में भी उन्होंने दूसरी बार सरपंच पद पर विजय हासिल की. 10 साल के अंतराल के बाद साल 2020 में एक बार फिर कावेरी मीणा चुनाव मैदान में उतरीं और जीत दर्ज की. अब वर्ष 2026 के पंचायत चुनाव में भी उन्होंने अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा. करीब 30 वर्षों के इस राजनीतिक सफर में रामसिंह मीणा और कावेरी मीणा ने अलग-अलग पदों पर रहते हुए पंचायत नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाई. पति पत्नी दोनों मिलकर अब तक 30 साल सरपंच रह चुके हैं. अब फिर से सरपंचाई उनके पास आ गई है.



Source link