गैस जलाने से आटा गूंथने तक, ग्वालियर की दृष्टिहीन छात्राएं खुद बना रहीं खाना, जानिए कैसे मिल रही ट्रेनिंग

गैस जलाने से आटा गूंथने तक, ग्वालियर की दृष्टिहीन छात्राएं खुद बना रहीं खाना, जानिए कैसे मिल रही ट्रेनिंग


खुशी बैशांडर(ग्वालियर),

Blind Girls School: आंखों की रोशनी भले ही कम हो या बिल्कुल न हो, लेकिन हुनर और आत्मविश्वास की कोई सीमा नहीं होती है. ग्वालियर के दृष्टिहीन कन्या विद्यालय में छात्राएं अपनी मेहनत और लगन से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं. यहां छात्राओं को कढ़ाई-बुनाई, मैक्रम आर्ट, राखियां बनाने, सजावटी सामान तैयार करने, पेंटिंग और खाना बनाने तक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. विद्यालय में पिछले 14 वर्षों से सेवाएं दे रहीं शिक्षिका ऊषा सविता इन बच्चियों को हुनरमंद बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं. वह छात्राओं को छूकर, धागों की बनावट समझाकर और सही माप बताकर अलग-अलग कलाओं का प्रशिक्षण देती हैं.

धागों से तैयार कर रहीं खूबसूरत कलाकृतियां
छात्राएं मैक्रम धागों की मदद से पर्स, सजावटी सामान और अन्य उपयोगी वस्तुएं तैयार करती हैं. शिक्षिका पहले उन्हें धागों की लंबाई और डिजाइन के अनुसार माप समझाती हैं. इसके बाद छात्राएं अलग-अलग रंगों के धागों को पहचानकर खुद कटिंग करती हैं और अपने हुनर से आकर्षक उत्पाद तैयार करती हैं. इनके बनाए उत्पादों की कीमत करीब 100 रुपये से शुरू होकर 300 से 350 रुपये तक पहुंचती है.

त्योहारों पर राखियां और सजावटी सामान भी तैयार
यहां छात्राएं केवल कढ़ाई-बुनाई तक सीमित नहीं हैं. रक्षाबंधन पर राखियां, दीपावली पर दरवाजों के तोरण, फूलों और साटन रिबन से मालाएं जैसे कई आकर्षक उत्पाद भी तैयार किए जाते हैं. इसके अलावा आंवले के सीजन में आंवले का अचार, मुरब्बा, कैंडी और आंवला पाउडर बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है.

मेहनत का मिलता है मेहनताना
इस पहल की खास बात यह है कि छात्राओं द्वारा तैयार किए गए सामान को बेचा भी जाता है. बिक्री से प्राप्त राशि में से बच्चियों को उनके काम और उत्पाद निर्माण के हिसाब से मेहनताना दिया जाता है. बची राशि से नया कच्चा माल खरीदा जाता है, ताकि छात्राओं का प्रशिक्षण लगातार जारी रह सके.

छूकर सीखती हैं खाना बनाना
शिक्षिका ऊषा सविता छात्राओं को कुकिंग का प्रशिक्षण भी देती हैं. गैस जलाने से लेकर आंच की तीव्रता समझने, आटा गूंथने और सामग्री की सही मात्रा लेने तक की जानकारी उन्हें व्यावहारिक तरीके से दी जाती है. स्पर्श और माप के माध्यम से बच्चियां धीरे-धीरे खुद खाना बनाना सीख रही हैं.

पेंटिंग में भी दिखा रही हैं अपनी प्रतिभा
विद्यालय की छात्राएं कला के क्षेत्र में भी पीछे नहीं हैं. यहां छात्रा विशाखा कुशवाहा द्वारा बनाई गई एक खूबसूरत पेंटिंग इसका उदाहरण है. शिक्षिका ऊषा सविता ने बताया कि इस पेंटिंग को तैयार करने में लगभग एक महीने का समय लगा. कुछ छात्राएं सीमित दृष्टि के बावजूद रंगों को पहचानकर और आकृतियों को समझकर पेंटिंग और स्केचिंग करती हैं.

आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
ऊषा सविता की 14 वर्षों की मेहनत और छात्राओं का जज्बा यह संदेश देता है कि दिव्यांगता किसी की प्रतिभा और सपनों के रास्ते की बाधा नहीं बन सकती है. सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर मिले तो दृष्टिबाधित बेटियां भी अपने हुनर से पहचान बना सकती हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं. यहां बच्चियां सिर्फ हुनर नहीं सीख रहीं, बल्कि अपने आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर भविष्य की नई कहानी भी लिख रही हैं.



Source link