Last Updated:
Nainital History: उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल आज देश-दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, लेकिन इसकी पहचान सिर्फ खूबसूरत वादियों और नैनीझील तक सीमित नहीं है. एक समय ऐसा भी था जब लोग यहां घूमने नहीं, बल्कि तीर्थयात्रा के लिए आते थे. मान्यता है कि नैनीझील को पहले त्रि ऋषि सरोवर कहा जाता था और श्रद्धालु खुरपाताल में स्नान करने के बाद नंगे पैर मां नैना देवी के दर्शन के लिए पहुंचते थे. इतिहास में 1813 में अंग्रेज अधिकारी जीडब्ल्यू ट्रेल को नैनीताल की जानकारी मिलने और 1841 में पीटर बैरन द्वारा इसे व्यापक पहचान दिलाने का जिक्र मिलता है. जानिए कैसे एक धार्मिक स्थल अंग्रेजों का पसंदीदा समर डेस्टिनेशन बना और फिर विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी के रूप में उभरा.
उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल देश-दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है. नैनीझील, हरी-भरी पहाड़ियां और खूबसूरत वादियां इस शहर की पहचान हैं. आज यहां पर्यटक बोटिंग और प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने पहुंचते हैं, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब लोग यहां घूमने नहीं, बल्कि तीर्थयात्रा के लिए आते थे. नैनीताल का इतिहास और धार्मिक महत्व आज भी इसकी पहचान का अहम हिस्सा है.
आज नैनीताल में पर्यटक बोटिंग और खूबसूरत वादियों का आनंद लेने पहुंचते हैं, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब यहां लोग तीर्थयात्रा के उद्देश्य से आते थे. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, श्रद्धालु खुरपाताल में स्नान कर नंगे पैर पैदल नैनीताल पहुंचते थे. मां नैना देवी के दर्शन और आध्यात्मिक शांति प्राप्त करना ही उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य होता था.
नैनीझील का धार्मिक महत्व सदियों पुराना माना जाता है, पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस झील को त्रि ऋषि सरोवर कहा जाता था. मान्यता है कि महर्षि अत्रि, पुलस्त्य और पुलह ने अपनी तपस्या की शक्ति से यहां सरोवर का निर्माण किया था. इसमें कैलाश मानसरोवर का पवित्र जल स्थापित किया गया था. यही वजह है कि नैनीझील को धार्मिक दृष्टि से बेहद पवित्र माना जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
एक समय नैनीताल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा के अपने खास नियम और परंपराएं थीं. इतिहासकार प्रोफेसर अजय रावत के अनुसार, श्रद्धालु हनुमानगढ़ क्षेत्र से ही जूते-चप्पल उतार देते थे. इसके बाद नंगे पैर नैनीझील पहुंचकर पवित्र स्नान करते और मां नैना देवी के दर्शन करते थे. यह परंपरा उनकी अटूट आस्था, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक थी.
इतिहास के पन्नों में नैनीताल को लेकर एक दिलचस्प प्रसंग मिलता है. वर्ष 1813 में कुमाऊं के तत्कालीन कमिश्नर जीडब्ल्यू ट्रेल को इस स्थान की जानकारी मिली थी. भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से प्रभावित ट्रेल यहां की आध्यात्मिक महत्ता को समझते थे. स्थानीय इतिहास के अनुसार, उन्होंने लंबे समय तक इस स्थान की जानकारी बाहरी लोगों तक पहुंचने से रोके रखी, ताकि इसकी पवित्रता बनी रहे.
नैनीताल की पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का श्रेय अंग्रेज व्यापारी और यात्री पीटर बैरन को दिया जाता है। उन्होंने 18 नवंबर 1841 को इस स्थान की खोज की थी। बाद में अपनी चर्चित पुस्तक Wanderings in the Himalaya में नैनीताल और इसकी खूबसूरत झील का उल्लेख किया। इसके बाद यह स्थान धीरे-धीरे अंग्रेज अधिकारियों और देश-दुनिया के लोगों के बीच लोकप्रिय होने लगा।
नैनीताल की खूबसूरत वादियों और सुहावने मौसम ने अंग्रेजों को खूब आकर्षित किया. ब्रिटिश शासनकाल में यहां सड़कें, चर्च, स्कूल, ऐतिहासिक भवन और अन्य सुविधाएं विकसित की गईं. धीरे-धीरे यह अंग्रेज अधिकारियों और उनके परिवारों का पसंदीदा समर डेस्टिनेशन बन गया. आज भी राजभवन समेत शहर की कई ऐतिहासिक इमारतें ब्रिटिशकालीन वास्तुकला और उस दौर की यादें संजोए हुए हैं.
185 साल के सफर में नैनीताल ने एक प्राचीन तीर्थस्थल से विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी तक का सफर तय किया है. आज यहां नैनीझील में नौकायन, माल रोड की सैर और स्नो व्यू का आनंद लेने हजारों पर्यटक पहुंचते हैं. हालांकि आधुनिक पर्यटन के बीच भी शहर की धार्मिक पहचान कायम है. नैनीझील के किनारे स्थित मां नैना देवी मंदिर में आज भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं.