NZ vs IND 1st Test: अब से कुछ ही देर में ‘विंडी वेलिंग्टन में टीम इंडिया की अग्निपरीक्षा, आसान नहीं न्यूजीलैंड को यहां हराना

NZ vs IND 1st Test: अब से कुछ ही देर में ‘विंडी वेलिंग्टन में टीम इंडिया की अग्निपरीक्षा, आसान नहीं न्यूजीलैंड को यहां हराना


वेलिंग्टन: T-20 और वनडे सीरीज जीतने के बाद अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट श्रृंखला की बारी है. भारतीय समयानुसार 19 नवंबर की अलसुबह साढ़े तीन बजे से इस मुकाबले की शुरुआत होनी है. न्यूजीलैंड में जीत हासिल करना इतना आसान नहीं हैं. पहला टेस्ट मैच ‘विंडी वेलिंग्टन’ में होना है, ये वही शहर है, जहां हवा तूफान बनकर बहती है. भारत ने इस मैदान पर अपना आखिरी मैच 60 के दशक में जीता था. यह एक ऐसी श्रृंखला है, जिसने भारतीय टीम को हार काफी महंगी पड़ सकती है क्योंकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में क्वालीफाई करने के लिए उसे अपने शेष सात मैचों में से कम से कम छह में जीत हासिल करनी होगी.

भारत को अगर जीत हासिल करनी है तो उसके बल्लेबाजों को छह फीट आठ इंच लंबे काइल जैमीसन, छह फीट पांच इंच लंबे जैकब डफी और तेज और आक्रामक मैट हेनरी के खिलाफ अपना बेस्ट प्रदर्शन करना होगा. गिल ने पहले टेस्ट मैच की शुरुआत से 48 घंटे पहले पत्रकारों से कहा:

मुझे लगता है कि अगर हम ये दोनों टेस्ट जीत जाते हैं, तो हमारे पास फाइनल में जगह बनाने का अच्छा मौका होगा.

बतौर कप्तान और ओपनर शुभमन गिल की इज्जत सांख पर
भारतीय बल्लेबाजों को अपनी दृढ़ संकल्प का नमूना पेश करना होगा तथा न सिर्फ कप्तान गिल बल्कि यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और ऋषभ पंत को भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा. गिल ने जब 2025 में इंग्लैंड में टेस्ट कप्तान के रूप में शुरुआत की, तो उनके सामने बल्लेबाज और कप्तान के रूप में खुद को साबित करने की चुनौती थी. वह अपेक्षाओं पर खरे उतरे और अब 18 महीने बीतने के बाद कप्तानी में अपनी भूमिका को अच्छी तरह से समझ चुके हैं, लेकिन न्यूजीलैंड में जीत हासिल करना किसी भी विदेशी कप्तान के लिए एक चुनौती होती है और गिल इसे अच्छी तरह से समझते हैं.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट की पिच में भारी घास की उम्मीद है.

टॉस जीतकर बॉलिंग करना पसंद करेंगी दोनों टीम
शुभमन गिल का टॉस जीतने के मामले में रिकॉर्ड अच्छा है और अगर वह टॉस जीतते हैं तो पहले गेंदबाजी ही चुनेंगे, जिससे कि शानदार फॉर्म में चल रहे उनके गेंदबाजी आक्रमण को उस पिच का पहला फायदा मिले जिस पर 15 इंच की घास की परत होगी. अनुमान है कि शुरुआती दो दिन के बाद विकेट सपाट हो जाएगा.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट से पहले सारी निगाहें पिच पर ही टिकीं हैं.

क्या चार पेसर्स के साथ उतरेगी टीम इंडिया?
कप्तान शुभमन गिल ने संकेत दिया था कि वह चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरना पसंद करेंगे, जिसका मतलब यह हो सकता है कि तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी का प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना पक्का नहीं है, लेकिन अगर सात बल्लेबाजों में से कम से कम तीन अपना बेस्ट प्रदर्शन नहीं करते हैं तो यह दांव गिल और गंभीर पर भारी पड़ सकता है, लेकिन ऐसा लगता है कि वे जोखिम उठाने के लिए तैयार हैं. जसप्रीत बुमराह का खेलना तय है. कोलंबो में सिराज के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण शानदार फॉर्म में चल रहे अंशुल कंबोज और तेज गेंदबाज आकाश दीप को टीम में जगह मिल सकती है. दोनों बैटिंग भी करना जानते हैं. प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ भी विकल्प हैं.

भारत का स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जड़ेजा, अंशुल कंबोज, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, बी साई सुदर्शन, गुरनूर बराड़, वाशिंगटन सुंदर.

न्यूजीलैंड का स्क्वॉड: टॉम लैथम (कप्तान), रचिन रविंद्र, विल यंग, ​​ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, हेनरी निकोल्स, डेवोन कॉनवे.



Source link