Last Updated:
Kannauj Latest News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में दिल के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है. अब उन्हें दिल की बीमारी के इलाज के लिए लखनऊ और दिल्ली के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. तिर्वा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय मेडिकल कॉलेज में करीब 10 साल बाद कार्डियोलॉजी विभाग की शुरुआत हो गई है.
कन्नौज मेडिकल कॉलेज.
कन्नौज: जिले के दिल के मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब उन्हें दिल से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए लखनऊ, कानपुर या दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा. तिर्वा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय मेडिकल कॉलेज में करीब 10 साल के इंतजार के बाद कार्डियोलॉजी विभाग में इलाज शुरू हो गया है. यहां विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती के बाद OPD शुरू की गई है. मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विभाग की शुरुआत कराई.
दरअसल, कन्नौज के तिर्वा विधानसभा क्षेत्र में स्थित मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी और कैंसर अस्पताल की बिल्डिंग का निर्माण पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में कराया गया था. साल 2016 में अखिलेश यादव ने इनका लोकार्पण किया था. लेकिन साल 2017 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद इन दोनों विभागों में इलाज शुरू नहीं हो सका. दोनों बिल्डिंग तैयार होने के बावजूद करीब एक दशक तक इस्तेमाल का इंतजार करती रहीं. इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव कई बार भाजपा सरकार पर सवाल उठा चुके हैं उनका आरोप रहा कि तैयार अस्पतालों का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है, जिससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है.
सैफई से आए विशेषज्ञ डॉक्टर, शुरू हुई OPD
अब करीब 10 साल बाद कार्डियोलॉजी विभाग में मरीजों का इलाज शुरू करने की पहल की गई है. इसके लिए सैफई मेडिकल कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुभाष चंद्रा को कन्नौज मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. विशेषज्ञ डॉक्टर और जरूरी स्टाफ की व्यवस्था होने के बाद OPD शुरू कर दी गई है. मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने पूजा-अर्चना के बाद कार्डियोलॉजी विभाग का शुभारंभ कराया. उन्होंने बताया कि यहां दिल से जुड़ी बीमारियों के मरीजों को इलाज और जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
कार्डियोलॉजी विभाग शुरू होने से कन्नौज और आसपास के इलाकों के लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है. अब दिल की बीमारी से परेशान मरीजों को शुरुआती जांच और विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह के लिए दूसरे बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी. हालांकि, गंभीर मरीजों को जरूरत के मुताबिक उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जा सकता है. फिलहाल 10 साल से तैयार खड़ी कार्डियोलॉजी बिल्डिंग में OPD शुरू होना जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अहम कदम है.