Last Updated:
गंगा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 395 के पास दर्दनाक हादसा हुआ. उन्नाव के सफीपुर इलाके में यह हादसा हुआ, जहां बिहार के गया से मथुरा जा रहे परिवार की कार पलट गई. इसमें एक महिला की मौत हो गई.
सांकेतिक तस्वीर
उन्नाव: उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा हुआ है. यहां कार पलटने से महिला की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं. यह हादसा गंगा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 395 के पास हुआ. इस हादसे में बिहार की निवासी मीनाक्षी पत्नी सुजीत की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. ये सभी लोग बिहार के गया से परिवार के साथ मथुरा जा रहे थे. सफीपुर थाना क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेस वे का मामला है.
इस घटना में प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रेटा कार सवार लोगों की पहचान गया निवासी 40 साल के सुजीत, पत्नी मीनाक्षी, बेटी समृद्धि, साले अनिरुद्ध, साले के एक साल के बेटे के तौर पर हुई है. वे लोग गया से निकलकर अपनी कार से मथुरा के वृंदावन में दर्शन के लिए जा रहे थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ और उस समय अनिरुद्ध गाड़ी चला रहा था. गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई.
हादसे के समय वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके साथ ही कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सड़क किनारे लेटाया. घायल ने किसी तरह से खुद को संभाला और फोन के माध्यम से परिजन को जानकारी दी. घायलों को कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक गंभीर घायल को कानपुर के एलएलआर हॉस्पिटल में रेफर किया गया है.