Last Updated:
Agnipath Scheme: अग्निवीर बनकर सेना में जाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अब सिर्फ चार साल की सेवा पूरी करना ही काफी नहीं होगा. अगर आप अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होते हैं और आगे चलकर पक्के सैनिक बनना चाहते हैं तो आपको अपनी काबिलियत साबित करनी पड़ सकती है. फिजिकल टेस्ट में एक्सीलेंट ग्रेड, फायरिंग में फर्स्ट क्लास, मेडिकल फिटनेस और अनुशासन का रिकॉर्ड आपकी स्थायी नौकरी का रास्ता तय कर सकते हैं. नई व्यवस्था में चार साल बाद बाहर होने वाले 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल देने पर विचार हो रहा है.
Agniveer New Rules 2026, Agnipath Scheme New Rules 2026: अग्निवीर कैसे होंगे परमानेंट? (PIC: ANI News)
Agnipath scheme, Agniveer: अग्निवीर बनने के बाद सेना में चार साल की सेवा पूरी कर लेना ही अब स्थायी सैनिक बनने के लिए काफी नहीं होगा. अगर नई अग्निपथ व्यवस्था लागू होती है तो अग्निवीरों को पक्की नौकरी पाने के लिए छह साल तक अपनी काबिलियत साबित करनी पड़ सकती है. खास बात यह है कि केवल शारीरिक फिटनेस या लिखित परीक्षा ही नहीं बल्कि हथियार चलाने की दक्षता, मेडिकल कैटेगरी, अनुशासन और तकनीकी समझ भी उनके सेलेक्शन में अहम भूमिका निभा सकती है यानी सेना में नियमित सैनिक बनने की राह उन अग्निवीरों के लिए आसान नहीं होगी जो दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल पूरा करने के बाद स्थायी सेवा में जाना चाहते हैं.
इंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के मुताबिक अग्निपथ योजना में बदलाव के तहत अब चार साल की सेवा पूरी करने वाले 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल देने का रास्ता तैयार किया जा रहा है. इसके बाद उन्हें सेना में नियमित सैनिक बनने का एक और मौका मिल सकता है हालांकि इसके लिए सेलेक्शन के नियम काफी सख्त रखे जाने पर विचार हो रहा है. इन नियमों में फिजिकल टेस्ट में बेहतरीन प्रदर्शन, फायरिंग में कम से कम फर्स्ट क्लास, मेडिकल फिटनेस और अनुशासन का रिकॉर्ड शामिल हो सकता है. इन सभी मानकों पर अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है और मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ (HQ IDS) में इन पर विचार चल रहा है.
अग्निपथ योजना में होंगे दो चरण, पहले 25% अग्निवीरों को मिलेगा मौका
नई व्यवस्था को दो चरणों में लागू करने की तैयारी है. पहले चरण में अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी करनी होगी. इसके बाद मूल अग्निपथ योजना के तहत 25 फीसदी अग्निवीरों का चयन मेरिट के आधार पर सेना में नियमित सैनिक के रूप में किया जाएगा.दूसरे चरण में बाकी बचे 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल देने का प्रस्ताव है. पहले इन अग्निवीरों को चार साल की सेवा के बाद योगदान आधारित पैकेज लेकर सेना से बाहर होना पड़ता था लेकिन बदली हुई व्यवस्था में उन्हें दो साल और सेना में काम करने का मौका मिल सकता है.इस तरह इन अग्निवीरों की कुल सेवा अवधि छह साल हो जाएगी. छह साल पूरे होने के बाद वे नियमित सैनिक बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें सेना की ओर से तय किए जाने वाले चयन मानकों पर खरा उतरना होगा. सिर्फ दो साल का एक्सटेंशन मिल जाना पक्की नौकरी की गारंटी नहीं होगा.
हथियार चलाने में माहिर अग्निवीरों को मिल सकती है प्राथमिकता
सेना में लगातार नई तकनीक और आधुनिक हथियार प्रणाली शामिल की जा रही हैं. ऐसे में अग्निवीरों के चयन में उनकी तकनीकी समझ और हथियार चलाने की दक्षता को भी अहम माना जा सकता है.इस पर विचार किया जा रहा है कि ऐसे अग्निवीरों को प्राथमिकता दी जाए जो कई तरह के काम करने में सक्षम हों और नई तकनीक को आसानी से समझ सकें यानी केवल शारीरिक रूप से मजबूत होना पर्याप्त नहीं होगा बल्कि आधुनिक सैन्य उपकरणों और हथियार प्रणालियों को संभालने की काबिलियत भी जरूरी हो सकती है.रक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक सेना में बदलती जरूरतों को देखते हुए ऐसे जवानों को नियमित कैडर में शामिल करना प्राथमिकता हो सकता है जो शारीरिक क्षमता के साथ तकनीकी रूप से भी दक्ष हों.
फिजिकल टेस्ट में एक्सीलेंट ग्रेड और फायरिंग में फर्स्ट क्लास जरूरी
छह साल की सेवा पूरी करने के बाद नियमित सैनिक बनने के इच्छुक अग्निवीरों के लिए फिजिकल और फायरिंग टेस्ट सबसे अहम मानकों में शामिल हो सकते हैं.चयन के लिए जिन नियमों पर चर्चा हो रही है उनमें अग्निवीरों को कंबाइंड फिजिकल टेस्ट (Combined Physical Tests) में एक्सीलेंट ग्रेड हासिल करना जरूरी हो सकता है. इसके अलावा फायरिंग में कम से कम फर्स्ट क्लास शॉट का स्तर हासिल करना होगा.सेना में फायरिंग की दक्षता को तीन श्रेणियों में बांटा गया है. इनमें मार्क्समैन, फर्स्ट शॉट और स्टैंडर्ड शॉट शामिल हैं. इस क्रम में मार्क्समैन सबसे बेहतर स्तर है जबकि फर्स्ट शॉट उसके बाद आता है.ऐसे में नियमित सैनिक बनने की इच्छा रखने वाले अग्निवीरों को कम से कम फर्स्ट क्लास यानी फायरिंग के निर्धारित मानक पर खरा उतरना पड़ सकता है. इससे यह साफ है कि चयन में हथियार चलाने की क्षमता को भी काफी महत्व दिया जा रहा है.