लिटन दास का वर्ल्ड रिकॉर्ड, 8 शिकार कर तोड़ा दशकों पुराना विश्व कीर्तिमान
Last Updated:
Litton Das create world records: लिटन दास ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग टेस्ट में इतिहास रच दिया है. उन्होंने एक टेस्ट पारी में छह कैच और दो स्टंपिंग सहित कुल आठ शिकार कर दशकों पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया. साथ ही बांग्लादेश का यह स्टार विकेटकीपर टेस्ट की एक पारी में शतक और छह से अधिक शिकार करने वाला दुनिया का पहला क्रिकेटर भी बन गया.
लिटन दास के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड. (PHOTO-PTI)
नई दिल्ली. लिटन दास ने टेस्ट इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग टेस्ट मैच में उन्होंने विकेट के पीछे कमाल का प्रदर्शन करते हुए टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा शिकार करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक पारी में कुल आठ बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. जिसमें छह शानदार कैच और दो बेहतरीन स्टंपिंग शामिल हैं. इससे पहले किसी विकेटकीपर की ओर से एक पारी में सबसे ज्यादा सात शिकार करने का विश्व कीर्तिमान था.
लिटन दास (Litton Das) से पहले टेस्ट की एक पारी में सर्वाधिक सात शिकार करने का विश्व रिकॉर्ड ज्वॉइंट रूप से पांच दिग्गज विकेटकीपरों के नाम दर्ज था. इस खास लिस्ट में पाकिस्तान के वसीम बारी का नाम सबसे पहले जुड़ा था. जिन्होंने साल 1979 में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था. इसके बाद साल 1980 में इंग्लैंड के रॉबर्ट बॉब टेलर ने भारत के खिलाफ सात शिकार कर इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी. साल 1991 में न्यूजीलैंड के इयान स्मिथ ने श्रीलंका के खिलाफ और साल 2000 में वेस्टइंडीज के रिडले जैकब्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सात बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर इस क्लब में जगह बनाई थी. हाल के वर्षों में साल 2023 में वेस्टइंडीज के ही जोशुआ दा सिल्वा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक पारी में सात शिकार कर इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी. लेकिन अब लिटन दास ने आठ शिकार के साथ इन सभी दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है.
जोहान्सबर्ग टेस्ट में लिटन दास के शानदार कैच
जोहान्सबर्ग की पिच पर लिटन दास के इस ऐतिहासिक अभियान की शुरुआत तेज गेंदबाज हसन महमूद की गेंद से शुरू हुई. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम का एक बेहद तेज कैच लपककर अपना खाता खोला. इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी के दौरान मार्क्स एकरमैन और जुबैर हमजा के बीच 202 रनों की विशाल साझेदारी पनप रही थी. जिसे तोड़ने में लिटन दास ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने मोमिनुल हक की गेंद पर 83 रन बनाकर खेल रहे जुबैर हमजा का किनारे लगता हुआ कैच पकड़कर इस खतरनाक साझेदारी का अंत किया. दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले लिटन ने हसन महमूद की गेंद पर मैथ्यू ब्रीट्जके का कैच लपककर अपना तीसरा शिकार पूरा किया. जो मात्र दो रन ही बना सके थे.
दूसरी नई गेंद के साथ विकेटकीपर का आक्रामक अंदाज और शानदार कैच
दक्षिण अफ्रीकी पारी में जब बांग्लादेश ने दूसरी नई गेंद ली. तो लिटन दास की फुर्ती और भी निखरकर सामने आई. उन्होंने दूसरी नई गेंद के साथ बहुत ही कम अंतराल में तीन और शानदार कैच लपके. तेज गेंदबाज हसन महमूद की गेंद पर वियान मुल्डर ने एक ढीला शॉट खेला और लिटन ने बिना कोई गलती किए उन्हें शून्य के स्कोर पर पवेलियन की राह दिखाई. इसके तुरंत बाद तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद की गेंद पर मार्को यानसेन का कैच लपककर लिटन ने उन्हें आठ रन के निजी स्कोर पर आउट किया. हसन महमूद की गेंद पर साइमन हार्मर का कैच पकड़कर लिटन ने अपना छठा कैच पूरा किया. हार्मर केवल एक रन ही बना सके थे.
स्पिन गेंदबाजों की फिरकी पर लिटन दास की दो बेहतरीन स्टंपिंग
लिटन दास का यह यादगार योगदान केवल कैच पकड़ने तक ही सीमित नहीं रहा. उन्होंने स्पिन गेंदबाज मेहदी हसन मिराज की गेंदों पर दो बेहद अहम और फुर्तीली स्टंपिंग भी की. उन्होंने 102 रनों की शानदार शतकीय पारी खेल चुके बाएं हाथ के बल्लेबाज रयान रिकेल्टन को उस समय स्टंप आउट किया. जब वह क्रीज से बाहर निकलकर एक ऑफ ब्रेक गेंद को खेलने से चूक गए. लिटन ने इसी तरह की शानदार स्टंपिंग का नजारा कगिसो रबाडा के खिलाफ भी पेश किया. रबाडा 72 रन बनाकर आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे. लेकिन मेहदी हसन मिराज की गेंद पर आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह लिटन की बिजली जैसी तेज स्टंपिंग का शिकार बन गए.
शतक और छह से अधिक शिकार करने वाले दुनिया के पहले अनोखे क्रिकेटर
विकेटकीपिंग में इस नए विश्व रिकॉर्ड के अलावा लिटन दास ने एक और अनोखा कीर्तिमान अपने नाम किया है. वह दुनिया के पहले ऐसे क्रिकेटर बन गए हैं. जिन्होंने एक ही टेस्ट मैच में शतक लगाने के साथ-साथ एक पारी में छह से अधिक शिकार करने का गौरव हासिल किया है. इस मामले में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के दो पूर्व दिग्गजों डेनिस लिंडसे और एबी डिविलियर्स के रिकॉर्ड को तोड़ा है. डेनिस लिंडसे ने साल 1966 में और एबी डिविलियर्स ने साल 2013 में एक टेस्ट पारी में शतक जड़ने के साथ छह शिकार किए थे. दिलचस्प बात यह है कि लिंडसे और डिविलियर्स दोनों ने यह कारनामा जोहान्सबर्ग के इसी ऐतिहासिक मैदान पर किया था. जहां अब लिटन दास ने उनके रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा है. पिछले महीने ही अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में लिटन ने एक शतक और एक अर्धशतक जड़ने के साथ पूरे मैच में नौ शिकार किए थे. अब उनकी नजरें इस मैच की दूसरी पारी में अपने ही उस रिकॉर्ड को और बेहतर करने पर टिकी होंगी.