क्‍यों वजन घटाने की दवा अचानक छोड़ना पड़ सकता है भारी? वैज्ञानिकों को द‍िख रहे हैं नए लक्षण

क्‍यों वजन घटाने की दवा अचानक छोड़ना पड़ सकता है भारी? वैज्ञानिकों को द‍िख रहे हैं नए लक्षण


वजन घटाने वाली दवाएं, जैसे मोनजारो, ओजेंप‍िक और जेपबोंड दवाएं जबसे बाजार में आई हैं, लोगों में इन्‍हें लेकर काफी क्रेज है. कई लोगों ने इन दवाओं का प्रयोग क‍िया है. लेकिन अब इनसे जुड़ी एक नई खबर सामने आ रही है. GLP-1 ग्रुप की इन दवाओं को अचानक बंद करने से कुछ लोगों में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं. हाल ही में सामने आई एक मेडिकल स्टडी में दो ऐसे पुरुषों के मामले बताए गए हैं, जिन्होंने टिर्जेपाटाइड इंजेक्शन बंद करने के बाद अजीब व्यवहार, मूड में बदलाव, डिप्रेशन, भ्रम और ऐसी चीजें देखने-सुनने की शिकायत की, जो वास्तव में मौजूद नहीं थीं. इन मामलों ने इस बात पर जोर द‍िया है कि कैसे इन दवाओं के असर और प्रभावों पर अभी और भी रिसर्च होनी चाहिए.

यह रिसर्च मेडिकल जर्नल ‘प्राइमरी केयर कंपेनियन फॉर सीएमएस ड‍िसऑर्डर’ में प्रकाशित हुई है. इन मामलों के मुताबिक, कुछ दुर्लभ परिस्थितियों में टिर्जेपाटाइड (Tirzepatide) के इंजेक्शन बंद करने के बाद मरीजों में मानसिक समस्याएं दिखाई दे सकती हैं. इनमें मेनिया यानी असामान्य रूप से बहुत ज्यादा उत्तेजित या सक्रिय हो जाना और हैलुसिनेशन यानी ऐसी चीजें दिखाई या सुनाई देना, जो असल में मौजूद नहीं हैं, शामिल हैं. टिर्जेपाटाइड मोनजारो और जेपबोन्‍ड ब्रांड नाम से मिलती है.

पहला मामला: मरीज को लगने लगा कि वह मर चुका है
‘साइंस अलर्ट’ में प्रकाशित इस रिपोर्ट में जिस पहले मरीज का जिक्र है, वह 61 साल का पुरुष था. अक्टूबर 2025 में उसकी हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाया गया. उसे पहले से अलग तरह का व्यवहार करने और चीजों को समझने में परेशानी होने लगी थी. मरीज ने बताया कि उसका मूड लगातार खराब रहता है, डिप्रेशन बढ़ रहा है और उसे शक होने लगा है कि कोई उसके खिलाफ साजिश कर रहा है. इतना ही नहीं, उसे ऐसी आवाजें भी सुनाई देने लगी थीं और ऐसी चीजें दिखाई देने लगी थीं, जो वास्तव में मौजूद नहीं थीं.

मरीज में एक दुर्लभ मानसिक स्थिति भी देखी गई, जिसे कोटार्ड डिल्यूजन (Cotard Delusion) कहते हैं. इस स्थिति में व्यक्ति को लगता है कि उसकी मौत हो चुकी है या उसके शरीर के कुछ अंग गायब हो गए हैं या काम करना बंद कर चुके हैं. इस मरीज ने अगस्त 2025 में टिर्जेपाटाइड लेना बंद कर दिया था. उसे इस दवा की वजह से मतली यानी जी मिचलाने की परेशानी हो रही थी.

दूसरा मामला: अचानक दवा छोड़ने के बाद मूड में बदलाव
दूसरा मामला 52 साल के एक पुरुष का था. उसे भी अक्टूबर 2025 में अस्पताल लाया गया था. उसका व्यवहार असामान्य हो गया था और मूड में तेजी से बदलाव आ रहे थे. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मेनिया से पीड़ित पाया. इस स्थिति में व्यक्ति बहुत ज्यादा बोलने लगता है, उसकी बातें बेतरतीब हो सकती हैं, वह खुद को बहुत बड़ा या शक्तिशाली समझने लगता है. इसके अलावा, वह बिना सोचे-समझे फैसले ले सकता है और छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ा हो सकता है. मरीज ने बताया कि उसने इससे एक महीने पहले टिर्जेपाटाइड लेना अचानक बंद कर दिया था. छह महीने में उसका करीब 100 पाउंड (लगभग 45 किलो) वजन कम हो गया था.

हालांकि, इस मरीज के मामले में कुछ दूसरी बातें भी सामने आईं. अस्पताल आने से पहले के कुछ हफ्तों में उसने गांजे का इस्तेमाल बढ़ा दिया था. गांजे का अधिक इस्तेमाल साइकोसिस यानी गंभीर मानसिक समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकता है. इसके अलावा, उसके शरीर में विटामिन B12 का स्तर भी कम था. इससे पता चलता है कि उसके शरीर में पोषण की कमी हो सकती थी. बाद में मरीज को आगे के इलाज के लिए एक मनोरोग अस्पताल में भेज दिया गया.

क्या GLP-1 दवाएं छोड़ने से हो सकता है मानसिक बीमारी का खतरा?
इन दोनों मरीजों के मामले यह साबित नहीं करते कि GLP-1 दवाएं बंद करने से साइकोसिस या मेनिया हो सकता है. लेकिन दवा छोड़ने और मानसिक लक्षण सामने आने के बीच का समय वैज्ञानिकों को संदेह में डाल रहा है. केस स्टडी के लेखकों का कहना है कि हो सकता है कि GLP-1 दवा बंद करना कुछ ऐसे मरीजों में अचानक मूड बिगड़ने या साइकोसिस जैसे लक्षणों की एक वजह बन सकता है, जिन्हें पहले से मानसिक समस्याओं का खतरा है. इसमें वे मरीज भी शामिल हो सकते हैं, जिनके शरीर में पोषण की कमी है या GLP-1 दवाओं के इस्तेमाल के कारण यह कमी बढ़ गई है. दूसरे मरीज में विटामिन B12 का कम स्तर इसका एक उदाहरण हो सकता है.

यह बात भी ध्यान देने वाली है कि दोनों मरीजों को पहले से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं थीं. पहले मरीज को डिप्रेशन था, जबकि दूसरे मरीज को एंग्जायटी यानी चिंता की समस्या का इतिहास था. हो सकता है कि इन पुरानी मानसिक समस्याओं ने भी उनके नए लक्षणों में भूमिका निभाई हो.

पहले भी GLP-1 दवाओं पर उठ चुके हैं सवाल
ऐसा पहली बार नहीं है जब GLP-1 दवाओं को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चिंताओं के साथ जोड़ा गया हो. GLP-1 रिसेप्टर दिमाग में भी मौजूद होते हैं. कुछ सबूत बताते हैं कि ये दवाएं ब्लड-ब्रेन बैरियर को पार करके दिमाग तक पहुंच सकती हैं. हालांकि, दिमाग में पहुंचने के बाद ये दवाएं वहां क्या असर डालती हैं, इस बारे में अभी पूरी जानकारी नहीं है. कुछ साल पहले यूरोप के एक दवा डेटाबेस में GLP-1 ग्रुप की तीन दवाओं- सेमाग्लूटाइड (Semaglutide), लिराग्लूटाइड (Liraglutide) और टिर्जेपाटाइड (Tirzepatide) से जुड़े 481 मानसिक समस्याओं के मामले दर्ज किए गए थे.

दवा बंद करने के असर को भी समझना जरूरी
नई केस स्टडी के लेखकों का कहना है कि GLP-1 दवाओं के इस्तेमाल के दौरान होने वाले मानसिक और न्यूरोलॉजिकल प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ रही है, लेकिन इन दवाओं को बंद करने के बाद मानसिक स्वास्थ्य पर क्या असर पड़ सकता है, इस बारे में अभी बहुत कम जानकारी है. उनके मुताबिक, GLP-1 दवाएं बंद करने के बाद अचानक मूड में बदलाव या साइकोसिस जैसे लक्षण सामने आना एक ऐसी स्थिति हो सकती है, जिसे अब तक पर्याप्त रूप से पहचाना नहीं गया है.

शोधकर्ताओं का सुझाव है कि डॉक्टरों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हाल ही में GLP-1 दवाओं की खुराक में बदलाव या उन्हें बंद करने का संबंध मरीजों में मानसिक लक्षणों से हो सकता है. जैसे-जैसे इन नई दवाओं का इस्तेमाल बढ़ रहा है, वैज्ञानिक इनके दुर्लभ दुष्प्रभावों के बारे में भी नई बातें जान रहे हैं. GLP-1 दवाओं के कई फायदे हैं, लेकिन इनके संभावित नुकसान को समझना भी उतना ही जरूरी है. इससे मरीज और डॉक्टर, दोनों किसी परेशानी की स्थिति में बेहतर तरीके से तैयार रह सकते हैं.



Source link