पुष्कर मेले में विदेशी मेहमानों पर चढ़ा देसी खेलों का रंग, ऊंटों ने किया कैटवॉक और लगाए ठुमके

पुष्कर मेले में विदेशी मेहमानों पर चढ़ा देसी खेलों का रंग, ऊंटों ने किया कैटवॉक और लगाए ठुमके


Last Updated:

Ajmer Famous Pushkar Mela : अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में देशी खेलों और पारंपरिक प्रतियोगिताओं का खास आकर्षण दिख रहा है. विदेशी मेहमानों ने लंगड़ी टांग और सतोलिया जैसे खेलों में भाग लिया. पुष्कर मेले में आयोजित लंगड़ी टांग प्रतियोगिता में विदेशी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. इस मुकाबले में कुल 9 खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती और संतुलन का प्रदर्शन किया.

अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेले में इन दिनों देशी खेलों और पारंपरिक प्रतियोगिताओं का खास आकर्षण देखने को मिल रहा है. सात समंदर पार से आए विदेशी मेहमान भी भारतीय संस्कृति के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं. कोई लंगड़ी टांग खेलकर अपनी फुर्ती दिखा रहा है तो कोई सतोलिया के मैदान में भारतीय खिलाड़ियों को चुनौती दे रहा है. वहीं, मेला स्टेडियम में सजे-धजे ऊंटों का कैटवॉक और डांस भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.

पुष्कर मेले में आयोजित लंगड़ी टांग प्रतियोगिता में विदेशी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. इस मुकाबले में कुल 9 खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती और संतुलन का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिला और दर्शकों ने भी उनका उत्साह बढ़ाया.

लंगड़ी टांग प्रतियोगिता में अर्जेंटीना की माया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया. जर्मनी की लीजा दूसरे और इजरायल के अलमक तीसरे स्थान पर रहे. अलग-अलग देशों से आए प्रतिभागियों की मौजूदगी ने इस पारंपरिक खेल को अंतरराष्ट्रीय रंग दे दिया.

Add News18 as
Preferred Source on Google

लंगड़ी टांग के साथ ही सतोलिया प्रतियोगिता में भी विदेशी मेहमानों ने भारतीय खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी. मुकाबला काफी दिलचस्प रहा, लेकिन आखिर में भारतीय टीम ने विदेशी खिलाड़ियों को 2-1 से शिकस्त दे दी. इस दौरान मैदान में खेल के साथ आपसी मेलजोल और दोस्ती का माहौल भी देखने को मिला.

पुष्कर मेले में जहां विदेशी मेहमान देसी खेलों का आनंद ले रहे हैं, वहीं ऊंट प्रतियोगिताएं भी दर्शकों को खूब आकर्षित कर रही हैं. मेला स्टेडियम में दूसरे दिन ऊंट श्रृंगार और ऊंट नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इसमें 10 ऊंट पालक अपने-अपने ऊंटों को सजाकर मैदान में पहुंचे.

प्रतियोगिता में शामिल ऊंट पारंपरिक गोरबंद और रंग-बिरंगे गहनों से सजे हुए थे. ऊंट पालकों ने अपने पशुओं को खास अंदाज में तैयार किया था. सिर से लेकर शरीर तक पारंपरिक साज-सज्जा में सजे ऊंटों ने निर्णायक कमेटी के सामने अपनी खूबसूरती और श्रृंगार का प्रदर्शन किया.

ऊंट श्रृंगार प्रतियोगिता के बाद मैदान में ऊंटों का कैटवॉक देखने को मिला. सजे-धजे ऊंट मंच के सामने से गुजरे तो दर्शकों की निगाहें उन पर टिक गईं. ऊंटों की पारंपरिक सजावट और उनका शाही अंदाज मेले में मौजूद देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बना रहा.

इसके बाद कैमल डांस प्रतियोगिता में ऊंटों ने अपने अंदाज से लोगों को हैरान कर दिया. ढोल की थाप और पालकों के इशारों पर ऊंटों ने ठुमके लगाए और पैरों से कलाकारी दिखाई. उनकी लंबी गर्दन के लटके-झटके और अनोखी अदाओं को देखकर दर्शकों ने खूब आनंद लिया.

पुष्कर मेले में एक ओर विदेशी मेहमान लंगड़ी टांग और सतोलिया जैसे पारंपरिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के साथ मुकाबला कर रहे हैं, तो दूसरी ओर ऊंट श्रृंगार और कैमल डांस प्रतियोगिताएं राजस्थान की लोक संस्कृति की झलक दिखा रही हैं. इन आयोजनों ने मेले के माहौल को और रंगीन बना दिया है. यहां खेल, परंपरा और मनोरंजन के साथ अलग-अलग देशों से आए लोगों के बीच दोस्ती का रंग भी नजर आ रहा है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|



Source link