Prayagraj Magh Mela 2027 Preparation: प्रयागराज में माघ मेला 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं. संगम क्षेत्र से लेकर प्रमुख स्नान घाटों तक मेला क्षेत्र को तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है. इस बार मेला क्षेत्र पिछले वर्षों की तुलना में और बड़े स्तर पर तैयार किए जाने की योजना है. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था में भी विस्तार की तैयारी की जा रही है.
दशाश्वमेध घाट पर शुरू हुआ पांटून पुल और बिजली का काम
प्रयागराज के दशाश्वमेध घाट पर इस समय पांटून पुल बनाने के लिए शुरुआती काम दिखाई देने लगा है. मेला क्षेत्र में पांटून पुल, बिजली व्यवस्था और घाटों से जुड़े काम को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया जा रहा है. प्रशासन की तैयारी है कि माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन, स्नान और अन्य सुविधाओं के लिए पहले से बेहतर व्यवस्था मिल सके.
200 करोड़ का बजट प्रस्ताव, बिजली व्यवस्था पर 21 करोड़ खर्च
मेला प्राधिकरण की ओर से माघ मेला 2027 के लिए करीब 200 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी गई है. इसमें से करीब 100 करोड़ रुपये जारी किए जाने की बात सामने आई है. बिजली व्यवस्था के लिए करीब 21 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. मेले में सिर्फ क्षेत्रफल बढ़ाने पर ही जोर नहीं दिया जा रहा है, बल्कि बिजली, सुरक्षा, यातायात, निगरानी और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी बढ़ाया जा रहा है.
चार किलोमीटर लंबे 35 स्नान घाट और नौ पांटून पुल होंगे तैयार
माघ मेले में इस बार करीब चार किलोमीटर तक स्नान घाट तैयार किए जाने की योजना है. पहले जहां 31 स्नान घाटों की व्यवस्था थी, वहीं इस बार इसे बढ़ाकर 35 घाट किए जाने का प्रस्ताव है. इसका उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान के लिए ज्यादा जगह उपलब्ध कराना है, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिल सके. पांटून पुलों की संख्या भी इस बार महत्वपूर्ण रहेगी.
कुल नौ पांटून पुल तैयार किए जाने की योजना है. इनमें दो पांटून पुल अरैल क्षेत्र की तरफ बनाए जाने की तैयारी है. दशाश्वमेध घाट सहित अलग-अलग स्थानों पर पांटून पुल से जुड़े काम शुरू हो चुके हैं. पांटून पुल के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पीपा और उसे स्थिर रखने वाले उपकरणों को तैयार करने का काम भी स्थानीय स्तर पर शुरू हो गया है.
आठ सेक्टरों में बंटेगा मेला क्षेत्र, 2800 बसें और 19 पुलिस चौकियां
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मेले में निगरानी के लिए कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी. यातायात व्यवस्था के लिए भी अतिरिक्त पुलिस बल और संसाधनों की तैयारी की जा रही है. माघ मेले के दौरान रोडवेज की करीब 2800 बसें चलाने की योजना है, जिसमें करीब 300 बसें रिजर्व रखी जाएंगी. इसके अलावा पुलिस चौकियों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19 किए जाने की तैयारी है. आग से सुरक्षा के लिए फायर व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है.
इस बार फायर संबंधी संसाधनों की संख्या बढ़ाने की योजना है. मेला क्षेत्र को पहले सात सेक्टरों में बांटा जाता था, लेकिन इस बार इसे आठ सेक्टरों में बांटकर व्यवस्थाएं संचालित करने की तैयारी है. वहीं श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले रास्तों पर हेरीटेक और बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी बढ़ाई जाएगी. करीब 900 से 990 तक हेरीटेक लगाए जाने की तैयारी बताई जा रही है.
मकर संक्रांति से महाशिवरात्रि तक चलेंगे प्रमुख स्नान पर्व
माघ मेला 2027 का पहला प्रमुख स्नान पर्व 15 जनवरी को मकर संक्रांति से शुरू होगा. इसके बाद पौष पूर्णिमा, मौनी अमावस्या, माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि के प्रमुख स्नान पर्व आएंगे. महाशिवरात्रि के साथ माघ मेले का समापन होगा. इन प्रमुख स्नान पर्वों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के प्रयागराज पहुंचने की संभावना है. इसी को देखते हुए प्रशासन अभी से व्यवस्थाओं को जमीन पर उतारने में जुटा है.
कारीगर सत्यनंद और स्थानीय युवाओं में दिखा उत्साह
दशाश्वमेध घाट पर चल रहे पांटून पुल के काम से जुड़े स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी काम शुरुआती चरण में है. जैसे-जैसे पांटून पुल का निर्माण आगे बढ़ेगा, उससे जुड़े दूसरे कामों में भी तेजी आएगी. पांटून पुल को स्थिर रखने के लिए पीपा से जुड़े उपकरण तैयार किए जाते हैं, जिनका इस्तेमाल पुल को अपनी जगह पर रोकने के लिए किया जाता है. सत्यनंद पिछले दो-तीन साल से माघ मेले के दौरान पांटून पुल से जुड़े काम में लगे हैं. उनका कहना है कि फिलहाल काम शुरुआती चरण में है और जैसे-जैसे पुल का निर्माण आगे बढ़ेगा, उनका काम भी बढ़ेगा. उन्होंने बताया कि पांटून पुल को स्थिर रखने के लिए जिस उपकरण का इस्तेमाल किया जाता है, उसे तैयार करने में करीब दो से तीन घंटे लग सकते हैं.
मेहनत के हिसाब से करीब 500 से 600 रुपये तक की कमाई हो जाती है. उनके मुताबिक अभी करीब 10 उपकरण तैयार किए जा चुके हैं. सत्यनंद ने बताया कि पांटून पुल में रस्सियों के साथ इन उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता है. पुल को अपनी जगह पर स्थिर रखने में इनकी अहम भूमिका होती है. उनका कहना है कि अभी शुरुआत हुई है, इसलिए काम ज्यादा तेज नहीं है, लेकिन पुल का निर्माण आगे बढ़ने के साथ काम भी बढ़ने की उम्मीद है.
माघ मेले की तैयारियों को लेकर आयुष भी उत्साहित नजर आए. उनका कहना है कि माघ मेला आने से उन्हें और उनके दोस्तों को काफी अच्छा लगता है. मेले के दौरान यहां आने-जाने और अलग-अलग गतिविधियों में शामिल होने का मौका मिलता है. आयुष ने बताया कि 2027 के माघ मेले के दौरान वह अपने दोस्तों को भी यहां बुलाएंगे और मेले का आनंद लेंगे.
स्थानीय रोजगार की उम्मीदें और प्रशासन की चुनौतियां
प्रयागराज में माघ मेला सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि इससे बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार और छोटे स्तर पर काम के अवसर भी मिलते हैं. पांटून पुल से जुड़े काम से लेकर दुकानों, परिवहन, खानपान और अन्य सेवाओं तक कई लोगों की आमदनी इससे जुड़ी रहती है. ऐसे में माघ मेले की तैयारियां शुरू होने के साथ स्थानीय लोगों की उम्मीदें भी बढ़ने लगी हैं. अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती तय समय में मेला क्षेत्र तैयार करने की है.
करीब चार किलोमीटर के स्नान घाट, 35 स्नान घाटों की तैयारी, नौ पांटून पुल, बिजली व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े काम एक साथ पूरे करने होंगे. जनवरी 2027 में माघ मेले के शुरू होने से पहले इन सभी व्यवस्थाओं को जमीन पर तैयार करना प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी होगी.