एलियंस ने किस कोने में घसीटा NASA का Voyager 1? यहां से धरती तक रोशनी आने में भी लगेंगे 24 घंटे

एलियंस ने किस कोने में घसीटा NASA का Voyager 1? यहां से धरती तक रोशनी आने में भी लगेंगे 24 घंटे


अंतरिक्ष की गहराइयों में आज एक ऐसा करिश्मा हुआ है, जिस पर खुद बड़े-बड़े वैज्ञानिक भी हैरान हैं. करीब पांच दशक पहले धरती से अपने सफर पर निकला NASA का ऐतिहासिक यान ‘वॉयेजर-1’ (Voyager 1) आज यानी 18 नवंबर 2026 को ब्रह्मांड के उस अंधेरे कोने में पहुंच गया है, जहां तक इंसान की बनाई कोई भी मशीन आज से पहले कभी नहीं जा पाई थी. ये दूरी इतनी भयानक है कि ब्रह्मांड में सबसे तेज दौड़ने वाली रोशनी को भी धरती तक पहुंचने में 24 घंटे लग जाएंगे. अंतरिक्ष के इस अनजान हिस्से में यान की एंट्री को वैज्ञानिक चमत्कार मान रहे हैं, मानो एलियंस ने इस यान को अपनी तरफ खींच लिया हो.

आखिर अंतरिक्ष के किस कोने में जा पहुंचा है वॉयेजर-1?

‘एक लाइट-डे’ की दूरी का असल मतलब समझें तो रोशनी एक सेकंड में करीब 3 लाख किलोमीटर की रफ्तार से भागती है. इसी तूफानी रफ्तार से रोशनी पूरे 24 घंटे यानी एक दिन में जितनी दूरी तय करती है, उसे विज्ञान की भाषा में ‘एक लाइट-डे’ कहा जाता है.

  1. 26 अरब किलोमीटर का फासला: वॉयेजर-1 आज धरती से करीब 16 अरब मील यानी लगभग 26 अरब किलोमीटर दूर पहुंच चुका है. ये दूरी इतनी ज्यादा है कि आम इंसान के लिए इसकी कल्पना करना भी मुश्किल है.
  2. 61 हजार किलोमीटर की रफ्तार: ये यान अंतरिक्ष के घने सन्नाटे और अंधेरे को चीरते हुए लगभग 61,000 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से लगातार आगे भाग रहा है.
  3. मैसेज भेजने में लगेंगे पूरे 2 दिन: इतनी दूर जाने का सबसे बड़ा असर इसके कम्युनिकेशन पर पड़ा है. अब अगर नासा के वैज्ञानिक धरती से वॉयेजर-1 को कोई सिग्नल या संदेश भेजते हैं, तो उसे यान तक पहुंचने में पूरे 24 घंटे लगेंगे. इसके बाद यान का जवाब वापस धरती तक आने में अगले 24 घंटे लगेंगे. यानी एक बार ‘हेलो’ बोलकर जवाब सुनने में पूरे 48 घंटे का इंतजार करना होगा.

क्या वाकई किसी एलियन शक्ति ने इसे अपनी तरफ खींचा है?

अंतरिक्ष की दुनिया में वॉयेजर-1 का इतनी दूर तक सही-सलामत पहुंच जाना किसी रहस्य से कम नहीं है. अक्सर सोशल मीडिया और अंतरिक्ष प्रेमियों के बीच ये चर्चा तेज हो जाती है कि जब 1970 के दशक की पुरानी तकनीक से बना ये यान इतनी दूर जाकर भी काम कर रहा है, तो क्या इसके पीछे कोई एलियन कनेक्शन है?

दरअसल, 1977 में जब इसे भेजा गया था, तब किसी ने नहीं सोचा था कि ये करीब 49 साल बाद भी जिंदा रहेगा और धरती पर डेटा भेजता रहेगा. वैज्ञानिक खुद इसे इंजीनियरिंग का सबसे बड़ा चमत्कार बता रहे हैं. कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (Caltech) के वैज्ञानिक एलन कमिंग्स, जो 1973 से इस मिशन का हिस्सा हैं, उनका कहना है कि इतनी भयानक दूरी पर इस यान का जिंदा रहना और इससे संपर्क बनाए रखना किसी करिश्मे से कम नहीं है. अंतरिक्ष के इस सुनसान कोने में, जहां सूरज की रोशनी भी बेहद कमजोर पड़ जाती है, वहां यान का लगातार आगे बढ़ते रहना ऐसा अहसास कराता है मानो अंतरिक्ष की कोई अनजान ताकत या एलियंस इसे अपनी दुनिया की तरफ घसीट रहे हों.

एलियंस से बात करने के लिए साथ लेकर गया है खास ‘खजाना’

वॉयेजर-1 का एलियंस से रिश्ता सिर्फ कल्पना नहीं है, बल्कि नासा ने इसे बाकायदा एलियंस से संपर्क करने के मकसद से ही तैयार किया था. वॉयेजर-1 और इसके जुड़वां यान वॉयेजर-2 अपने साथ इंसानियत का एक बेहद खास संदेश लेकर ब्रह्मांड की सैर पर निकले हैं, जिसे ‘गोल्डन रिकॉर्ड’ कहा जाता है.

  • क्या है इस गोल्डन रिकॉर्ड में: ये सोने की परत चढ़ी तांबे की एक खास डिस्क है, जो एक तरह से धरती का ‘बायोडेटा’ है.
  • 55 भाषाओं में एलियंस को संदेश: इस डिस्क में धरती की खूबसूरत तस्वीरें, समंदर की लहरों और हवाओं की आवाजें, बेहतरीन संगीत और दुनिया की 55 अलग-अलग भाषाओं में अभिवादन, जैसे हिंदी में ‘नमस्ते’ रिकॉर्ड किए गए हैं.
  • एलियंस को न्योता: नासा का मकसद साफ था कि अगर अंतरिक्ष के इस अनजान कोने में कभी किसी दूसरे ग्रह के बुद्धिमान जीवों यानी एलियंस की नजर इस यान पर पड़े, तो वो इस डिस्क को चलाकर जान सकें कि धरती नाम का कोई ग्रह है, जहां इंसान रहते हैं और वो दोस्ती का हाथ बढ़ाना चाहते हैं.

सूरज की सीमा पार कर तारों की दुनिया में कैसे पहुंचा यान?

इस ऐतिहासिक सफर की शुरुआत साल 1977 में हुई थी. नासा ने पहले 20 अगस्त 1977 को वॉयेजर-2 को लॉन्च किया और इसके 16 दिन बाद 5 सितंबर 1977 को फ्लोरिडा से वॉयेजर-1 ने उड़ान भरी. हैरानी की बात ये रही कि बाद में उड़ान भरने के बावजूद वॉयेजर-1 ने तेज रास्ते की वजह से कुछ ही महीनों में अपने जुड़वां भाई वॉयेजर-2 को पीछे छोड़ दिया.

शुरुआत में इसका काम सिर्फ जुपिटर और सैटर्न ग्रहों की जांच करना था. इसने जुपिटर के चारों ओर पतले छल्ले और दो नए चांद यानी थेबे और मेटिस खोजे, तो वहीं सैटर्न के पांच नए चांद और ‘जी-रिंग’ का पता लगाया. लेकिन असली खेल तब शुरू हुआ जब इसने हमारे सौरमंडल की सीमा ही पार कर दी.

साल 2012 में ये सूरज के सुरक्षा कवच यानी ‘हेलियोस्फीयर’ को चीरता हुआ ‘इंटरस्टेलर स्पेस’ (तारों के बीच की रहस्यमयी खाली जगह) में दाखिल होने वाला पहला यान बन गया. वहां इसने कम ऊर्जा वाली उन ‘गैलेक्टिक कॉस्मिक किरणों’ का पता लगाया, जिन्हें सूरज की हवाएं धरती के पास नहीं आने देतीं.

आगे क्या होगा और कहां तक जाएगा ये यान?

भले ही आज वॉयेजर-1 ने एक लाइट-डे की दूरी पार कर ली है, लेकिन ब्रह्मांड की विशालता के आगे ये अभी भी एक छोटा सा कदम ही है. हमारे सौरमंडल के सबसे करीबी तारे ‘अल्फा सेंटॉरी’ तक पहुंचने के लिए प्रकाश को भी 4.24 ‘लाइट-ईयर’ यानी चार साल से ज्यादा का वक्त लगता है. वहीं, इसका जुड़वां यान वॉयेजर-2, जो 2018 में इंटरस्टेलर स्पेस में पहुंचा था, उसे इस एक लाइट-डे के मुकाम तक पहुंचने में अभी 9 साल और लगेंगे यानी नवंबर 2035 तक.

आने वाले कुछ सालों में वॉयेजर-1 की बैटरी धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी और धरती से इसका संपर्क हमेशा के लिए टूट जाएगा. लेकिन संपर्क टूटने के बाद भी ये यान रुकेगा नहीं. ये शांत होकर, अपने साथ धरती का संदेश और गोल्डन रिकॉर्ड लिए, अनंत काल तक अंतरिक्ष के उस रहस्यमयी कोने में तैरता रहेगा, शायद उस दिन के इंतजार में, जब सचमुच कोई एलियन सिविलाइजेशन इसे खोज निकाले.



Source link