Last Updated:
Katihar Road Accident: कटिहार में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा पोठिया थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित बखरी मोड़ के पास हुआ. यहां ट्रक, टेंपो और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग एक ही गांव के रहने वाले थे. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
कटिहार के पोठिया में NH-31 पर ट्रक, टेंपो और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर में एक ही गांव के तीन युवकों की दर्दनाक मौत
कटिहार. बिहार के कटिहार जिले में भीषण सड़क दुर्घटना हुई है जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है. पोठिया थाना क्षेत्र के एनएच 31 बखरी मोड़ के पास हुए हादसे के बारे में बताया जा रहा है कि तीनों वाहन ट्रक, टेंपो और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए, जिससे यह दुर्घटना हुई. स्थानीय लोगों की मानें तो सुबह सुबह की इस घटना के कारण धुंध का असर हो सकता है. हालांकि, प्रारंभिक जांच में वाहन अनियंत्रित होने की बात बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, सभी मृतक की पहचान एक ही गांव पोठिया थाना क्षेत्र के समेली प्रखंड विष्णुचक वार्ड नंबर 9 के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान जितेंद्र कुमार जीतू 22 वर्ष, भीम कुमार साह 35 वर्ष और बाजू कुमार साह 32 वर्ष के रूप में हुई है. घायल के रूप में मनीष कुमार साह 24 वर्ष की पहचान हुई है. घायल का इलाज फिलहाल कटिहार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.
इस बीच पुलिस परिजनों को सूचित करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. वहीं, स्थानीय राहुल कुमार भारती और विकास कुमार रजक ने घटना के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सुबह सुबह हादसा हुआ और मौके पर चीख पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने ही सबसे पहले घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी. इस भयावह दुर्घटना के बाद पुलिस मृतकों के परिजनों को सूचना देने के साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
NH 31 पर बार-बार क्यों होते हैं हादसे?
बता दें कि NH 31 कटिहार की लाइफलाइन है, पर यही सड़क हादसों के लिए भी बदनाम हो रही है. सुबह के समय धुंध, तेज रफ्तार, ओवरटेक और सड़क किनारे खड़े भारी वाहन हादसे की वजह बनते हैं. बखरी मोड़ जैसे स्थानों पर मोड़ और क्रॉसिंग पर और ज्यादा सावधानी की जरूरत होती है. जानकारों का कहना है कि धुंध के समय हेडलाइट, फॉग लाइट और धीमी रफ्तार ही जान बचा सकती है. ट्रक, ट्रैक्टर और टेंपो जैसे वाहनों में रिफ्लेक्टर और इंडिकेटर का सही होना भी जरूरी है.