न घर, न बिजली कनेक्शन, फिर भी बुजुर्ग को थमाया 1.45 लाख का बिल; जेल भेजने की धमकी से सहमे दुलीचंद

न घर, न बिजली कनेक्शन, फिर भी बुजुर्ग को थमाया 1.45 लाख का बिल; जेल भेजने की धमकी से सहमे दुलीचंद


Last Updated:

Sagar: सागर जिले में बिना घर और बिजली कनेक्शन के रह रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग दुलीचंद आदिवासी को 145000 रुपये का बिजली बिल थमा दिया गया है. वह 3 साल से एक कुर्ता फटे जूते में गुजारा कर रहे हैं.

Sagar: कंपकंपाता शरीर, मटमैला कुर्ता, मिट्टी से सनी पुरानी तौलिया और आंखों में बड़ी उम्मीदें लिए 70 साल के दुलीचंद आदिवासी जब कलेक्ट्रेट पहुंचे, तो हर किसी की नजर उन पर ठहर गई. उनकी गरीबी का अंदाजा उन्हें देखकर ही लगाया जा सकता था. लोगों को लगा कि जमीन या पेंशन से जुड़ा कोई मामला होगा, लेकिन जब उन्होंने अपनी शिकायत बताई तो सब हैरान रह गए.

बिना बिजली कनेक्शन के थमाया 1.45 लाख का बिल
सागर-धामोनी रोड पर स्थित बहेरिया साहनी गांव के दुलीचंद पिछले 7 साल से एक छोटी सी झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं. वहां न बिजली के तार हैं, न बल्ब और न ही कोई इलेक्ट्रिक सामान. इसके बावजूद बिजली विभाग ने उन्हें 1.45 लाख रुपए का बिल थमा दिया. आरोप है कि बिल जमा न करने पर जेल भेजने की धमकी भी दी गई. इससे डरे हुए दुलीचंद दूसरों से किराए के पैसे उधार लेकर गांव से सागर पहुंचे. उन्होंने कहा कि डेढ़ लाख का बिल कहां से भरेंगे, कुछ समझ नहीं आ रहा.

2020 से शुरू हुआ बिलों का सिलसिला
दुलीचंद के अनुसार, सबसे पहले 2020 में उन्हें 150 रुपए का बिल दिया गया. इसके बाद 2022 में 4000 रुपए का बिल आया. उन्होंने तब भी कहा था कि उनके पास मीटर नहीं है और उन्हें बिजली की जरूरत भी नहीं है. साथ ही बिल में उनके पिता का नाम गलत होने की बात भी बताई थी. एक साल बाद नया बिल आया, जिसमें पिता का नाम तो सुधार दिया गया, लेकिन राशि और बढ़ गई. अब 9 नवंबर को उन्हें 1.45 लाख रुपए की वसूली का नोटिस थमाया गया है.

बेटों से अलग, मजदूरी भी बंद
दुलीचंद के तीन बेटे हैं, लेकिन वे पिछले 10-15 साल से उनसे अलग रहते हैं. न बेटे उनसे कुछ लेते हैं, न देते हैं. दुलीचंद ने भी उनके घर जाना छोड़ दिया है. गांव में दूसरों का छोटा-मोटा काम करके वे जैसे-तैसे अपना पेट पालते हैं. बीमारी के कारण अब कोई उनसे मजदूरी भी नहीं करवाता. जो पेंशन मिलती थी, वह भी पिछले 4 महीने से बंद है.

हालत यह है कि वे पिछले 3 साल से एक ही कुर्ता पहन रहे हैं. सिर पर बंधी तौलिया गांव के एक महाराज ने दी थी, जबकि 2 साल पहले एक ग्रामीण ने जूते दिलाए थे, जो अब फट चुके हैं. नए जूते खरीदने का भी कोई साधन उनके पास नहीं है.

कलेक्टर ने दिए निर्देश
बुजुर्ग की हालत देखते हुए सागर कलेक्टर दिलीप यादव ने उनके आवेदन को गंभीरता से लिया. उन्होंने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाकर मामले में उचित और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए. बिजली कंपनी के कर्मचारी भी सक्रिय नजर आए और जल्द ही मामले का निराकरण करने की बात कही.



Source link