Infrastructure: 100 यूनिट मुफ्त बिजली उपभोक्ताओं की छत पर फ्री लगेंगे सोलर, सरकार उठाएगी खर्च; टेंडर प्रक्रिया पूरी

Infrastructure: 100 यूनिट मुफ्त बिजली उपभोक्ताओं की छत पर फ्री लगेंगे सोलर, सरकार उठाएगी खर्च; टेंडर प्रक्रिया पूरी


Last Updated:

Rajasthan Free Rooftop Solar Scheme: राजस्थान सरकार ने 100 यूनिट प्रतिमाह निःशुल्क बिजली का लाभ ले रहे उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर मुफ्त रूफटॉप सोलर लगाने के लिए ‘यूनिफाइड लेड एग्रीगेशन योजना’ शुरू की है. डूंगरपुर एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता वीके दोसी के अनुसार पहले चरण में जिले के 6,000 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा. पीएम सूर्य घर योजना में शुरुआती खर्च 60-70 हजार रुपए आने से कम रुचि को देखते हुए यह नई योजना लाई गई है. निगम ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और वर्क ऑर्डर जारी होते ही सोलर लगाने का काम शुरू हो जाएगा.

ख़बरें फटाफट

Zoom

Rajasthan Free Rooftop Solar Scheme: 100 यूनिट मुफ्त बिजली उपभोक्ताओं की छत पर फ्री लगेंगे सोलर, सरकार उठाएगी खर्च

डूंगरपुर. राजस्थान के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने एक बेहद महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है. सरकार के निर्देशानुसार अब राज्य में 100 यूनिट प्रतिमाह मुफ्त बिजली योजना का लाभ ले रहे घरेलू उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर पूरी तरह निःशुल्क रूफटॉप सोलर (RTS) प्लांट लगाए जाएंगे. इसके लिए सरकार की ओर से ‘यूनिफाइड लेड एग्रीगेशन योजना’ की शुरुआत की गई है, जिसके तहत बिजली निगम द्वारा उपभोक्ताओं की छतों पर बिना किसी शुल्क के सोलर सिस्टम स्थापित किए जाएंगे. खास बात यह है कि सरकार ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है और पहले चरण में डूंगरपुर जिले के 6,000 उपभोक्ताओं को इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा.

डूंगरपुर जिले के अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के अधीक्षण अभियंता वीके दोसी ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार द्वारा वर्तमान में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ चलाई जा रही है. इस योजना के तहत 1 किलोवाट सोलर सिस्टम पर 30,000 रुपए, 2 किलोवाट पर 60,000 रुपए और 3 किलोवाट पर 78,000 रुपए की सब्सिडी दी जाती है. इसके साथ ही राज्य सरकार की ओर से भी 17,000 रुपए की अतिरिक्त सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया था. हालांकि, सब्सिडी के बावजूद शुरुआती कुल खर्च 60 से 70 हजार रुपए तक आने के कारण मध्यम और निम्न वर्ग के आम उपभोक्ताओं ने इसमें कम रुचि दिखाई थी. उपभोक्ताओं की इसी आर्थिक परेशानी को ध्यान में रखते हुए अब राज्य सरकार द्वारा ‘यूनिफाइड लेड एग्रीगेशन योजना’ शुरू की गई है, जिसमें उपभोक्ता पर कोई वित्तीय भार नहीं पड़ेगा.

पहले चरण में डूंगरपुर जिले में लगेंगे 6,000 निःशुल्क सोलर प्लांट
अधीक्षण अभियंता वीके दोसी ने बताया कि डूंगरपुर जिले में फिलहाल 100 यूनिट प्रतिमाह बिजली छूट का लाभ प्राप्त करने वाले करीब 2.5 लाख घरेलू उपभोक्ता पंजीकृत हैं. इनमें से लगभग 2,19,000 उपभोक्ता ऐसे हैं जिनका मासिक बिजली उपभोग 150 यूनिट से कम रहता है, जबकि 31,000 उपभोक्ताओं का उपभोग 150 यूनिट से अधिक है. प्रथम चरण के तहत डूंगरपुर जिले को 6,000 निःशुल्क रूफटॉप सोलर (RTS) लगाने का लक्ष्य आवंटित हुआ है. इस चरण में मुख्य रूप से उन उपभोक्ताओं को प्राथमिकता और सीधा लाभ दिया जाएगा, जिनका मासिक बिजली उपभोग 100 यूनिट या उससे कम है.

टेंडर प्रक्रिया पूरी, वर्क ऑर्डर जारी होते ही शुरू होगा काम
एवीवीएनएल अधिकारियों के अनुसार, इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए बिजली निगम की ओर से टेंडर प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है. अब केवल वर्क ऑर्डर जारी होने की औपचारिकता शेष है, जिसके जारी होते ही जिले में चिन्हित उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर निःशुल्क रूफटॉप सोलर लगाने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया जाएगा. इस योजना के लागू होने से न केवल उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली का स्थायी समाधान मिलेगा, बल्कि बिजली निगम पर पड़ने वाला वित्तीय भार भी कम होगा.



Source link