Ravi Pradosh Vrat 2026 Date: कार्तिक माह का अंतिम प्रदोष व्रत कब है? सूर्यास्त बाद ढाई घंटे से अ​धिक का मुहूर्त, जानें तारीख, शाम में पूजा की वजह

Ravi Pradosh Vrat 2026 Date: कार्तिक माह का अंतिम प्रदोष व्रत कब है? सूर्यास्त बाद ढाई घंटे से अ​धिक का मुहूर्त, जानें तारीख, शाम में पूजा की वजह


Ravi Pradosh Vrat 2026 Date: कार्तिक माह का अंतिम प्रदोष व्रत शुक्ल पक्ष में त्रयोदशी तिथि को होगा. उस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है और पारण के प्रात:काल में रवि योग का भी निर्माण होगा. त्रयोदशी का व्रत भगवान शिव की कृपा प्राप्ति के लिए रखते हैं. जो लोग प्रदोष व्रत करते हैं, उनके सभी प्रकार के दोष और कष्ट मिट जाते हैं. महादेव की कृपा से मनोकामनाओं की पूर्ति होती है. इस बार के प्रदोष पूजा का मुहूर्त ढाई घंटे से अधिक समय तक है. इसमें शिव पूजा हमेशा शाम के समय में ही करते हैं. रविवार को व्रत होने की वजह से यह रवि प्रदोष व्रत होगा. आइए जानते हैं प्रदोष व्रत की तारीख, मुहूर्त के बारे में.

रवि प्रदोष व्रत 2026 तारीख

वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि 22 नवंबर को प्रात:काल में 4 बजकर 56 मिनट से शुरू हो रही है और इसका समापन 23 नवंबर को तड़के 2 बजकर 36 मिनट पर होगा.

उदयातिथि के आधार पर त्रयोदशी तिथि 22 नवंबर को है और त्रयोदशी तिथि में प्रदोष काल भी उस दिन ही ​प्राप्त हो रहा है. ऐसे में रवि प्रदोष व्रत 22 नवंबर, दिन रविवार को है. यह कार्तिक माह और नवंबर दोनों का अंतिम प्रदोष व्रत होगा.

रवि प्रदोष व्रत 2026 मुहूर्त

इस बार रवि प्रदोष व्रत के दिन ब्रह्म मुहूर्त 05:02 ए एम से 05:56 ए एम तक है. इस समय में स्नान आदि से निवृत होकर व्रत और शिव पूजा का संकल्प कर लें. उस दिन अभिजीत मुहूर्त 11:46 ए एम से दोपहर 12:28 पी एम तक है.

रवि प्रदोष व्रत की पूजा का मुहूर्त शाम 5 बजकर 25 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 6 मिनट तक है. इस बार शिव पूजा के लिए भक्तों को 2 घंटे 41 मिनट का शुभ समय प्राप्त होगा.

व्रत के दिन निशिता मुहूर्त देर रात 11 बजकर 41 मिनट से मध्य रात्रि 12 बजकर 34 मिनट तक है.

सर्वार्थ सिद्धि योग में रवि प्रदोष व्रत 2026

रवि प्रदोष व्रत वाले दिन 2 शुभ योग बन रहे हैं. सबसे पहले सर्वार्थ सिद्धि योग बनेगा, जो सुबह में 06:49 ए एम से निर्मित होगा और अगले दिन 23 नवंबर को प्रात: 04:15 ए एम तक रहेगा. सर्वार्थ सिद्धि योग में किए गए कार्य सफल सिद्ध होते हैं. दूसरा रवि योग त्रयोदशी तिथि में 23 नवंबर को प्रात: 04:15 ए एम पर बनेगा और सुबह 06:50 ए एम तक रहेगा.

इन दो शुभ योगों के अलावा प्रदोष व्रत के प्रात:काल से लेकर रात 11:29 पी एम तक व्यतीपात योग रहेगा, उसके बाद से वरीयान् बन जाएगा. यह व्रत अश्विनी नक्षत्र में रखा जाएगा क्योंकि यह प्रात:काल से लेकर अगले दिन 23 नवंबर को 04:15 ए एम तक रहेगा. उसके बाद भरणी नक्षत्र है.

शाम में करें प्रदोष व्रत की पूजा

प्रदोष व्रत की पूजा हमेशा प्रदोष काल में यानी शाम के समय में करते हैं. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, त्रयोदशी के दिन भगवान शिव शाम में कैलाश पर्वत पर प्रसन्न मुद्रा में नृत्य करते हैं. इस वजह से भक्त उनकी कृपा प्राप्ति के लिए प्रदोष पूजा उस समय ही करते है.



Source link