रूस के केमेरोवो से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. आसमान में काफी ऊंचाई पर उड़ रहे एक सैन्य विमान में अचानक हवा में ही आग भड़क उठी. आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरा प्लेन आग के गोले में बदल गया, और वो पायलट के कंट्रोल से बाहर हो गया. ये जलता हुआ विमान सीधा जमीन पर आ गिरा. इस भीषण हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि विमान का ब्लास्ट इतना भयानक था कि रात के अंधेरे में चारों तरफ दिन जैसा नजर लगा. बताया जा रहा है कि विमान में 17 लोग सवार थे, जिसमें से किसी के बचने की कोई उम्मीद नहीं है.
केमेरोवो क्षेत्र में हुआ भीषण विमान हादसा, धधक उठा मिलिट्री विमान
ये दर्दनाक विमान हादसा रूस के केमेरोवो क्षेत्र के यागुनोवो गांव के पास हुआ है. केमेरोवो क्षेत्र के गवर्नर इलिया सेरेडियूक ने आधिकारिक पुष्टि की है कि उस इलाके में एक गंभीर ‘एविएशन इंसिडेंट’ यानी विमान दुर्घटना हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला और बचाव सेवाएं तुरंत हरकत में आ गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिए गए.
शुरुआती दौर में ये पूरी तरह साफ नहीं हो पाया था कि दुर्घटना का शिकार होने वाला विमान कौन सा था और उसमें कितने लोग सवार थे. लेकिन जैसे-जैसे समय बीता और मलबे की जांच हुई, इस हादसे से जुड़े एक के बाद एक खतरनाक खुलासे होने लगे. सोशल मीडिया रिपोर्ट्स में पहले कम नुकसान की बात कही जा रही थी, लेकिन जमीनी हकीकत उससे कहीं ज्यादा डरावनी निकली.
हवा में ही लगी आग, मलबे में तब्दील हुआ An-12 मिलिट्री प्लेन
रूस के स्थानीय सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से ये बात सामने आई कि क्रैश होने वाला विमान रूस का एक पुराना और भारी सैन्य परिवोन विमान An-12 था. चश्मदीदों और शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, ये विमान जब आसमान में उड़ान भर रहा था, तभी इसमें तकनीकी खराबी के चलते हवा में ही आग भड़क उठी. आग लगने के बाद पायलट विमान को संभाल नहीं पाया और वो अनियंत्रित होकर जमीन पर आ गिरा.
विमान के जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और वो आग के गोले में बदल गया. घटनास्थल पर आसमान में धुएं का गुबार छा गया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि विमान के अंदर मौजूद लोगों को बचाने का कोई मौका नहीं मिल पाया.
17 लोगों की मौत का खौफनाक सच
शुरुआत में रूसी मीडिया पोर्ट्ल्स और कुछ स्थानीय सूत्रों की तरफ से ये दावा किया गया था कि इस विमान में केवल पांच लोग सवार थे और क्रैश होने की वजह से पूरी क्रू टीम की मौत हो गई है. सोशल मीडिया पर ये भी कहा गया था कि शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से तीन लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.
लेकिन जैसे ही रेस्क्यू टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मलबे को हटाने का काम शुरू किया, एक और दिल दहला देने वाली सच्चाई सामने आई. जांच में ये कंफर्म हो गया कि विमान में कोई पांच या तीन नहीं, बल्कि कुल 17 लोग सवार थे. इस भीषण हादसे की चपेट में आने के बाद विमान में मौजूद सभी 17 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. किसी भी यात्री या क्रू मेंबर के जिंदा न बचने की खबर से पूरे इलाके में मातम पसर गया है.
विमान में कैसे लगी आग?
इस बड़े हादसे के बाद से रूसी प्रशासन और विमानन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हो गई हैं. यागुनोवो गांव के पास गिरे इस सैन्य विमान के मलबे से ब्लैक बॉक्स और अन्य जरूरी उपकरणों को खोजने का काम तेजी से किया जा रहा है, ताकि ये साफ हो सके कि आखिर हवा में उड़ते हुए विमान में अचानक इतनी भयानक आग कैसे लगी थी?
रूस में सैन्य विमानों के इस तरह हादसे का शिकार होना और एक झटके में इतने सारे लोगों की जान चले जाना एक बड़ा राष्ट्रीय मुद्दा बन गया है. फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है, और रूसी अधिकारी इस बात की गहराई से जांच कर रहे हैं कि क्या ये कोई तकनीकी खामी थी या इसके पीछे कोई और वजह छिपी थी.