Aaj Ka Mausam: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. कहीं चक्रवाती तूफान और भारी बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाले हैं, तो कहीं तापमान में गिरावट और घना कोहरा सर्दी का अहसास बढ़ाएगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, सबसे ज्यादा चिंता दक्षिण भारत के तटीय इलाकों को लेकर है, जहां बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है.
दक्षिण भारत: आंध्र प्रदेश पर चक्रवात का सबसे बड़ा खतरा
दक्षिण भारत में मौसम का सबसे बड़ा खतरा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से है. IMD के मुताबिक, यह तूफान 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर की सुबह तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसके 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तट पर नेल्लोर और टुनी के बीच टकराने की संभावना है.
इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. 20 और 21 नवंबर को तेलंगाना में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है.
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 20 नवंबर के बीच तेज हवाओं और बारिश की संभावना है. 19 नवंबर को यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. रायलसीमा में 19-20 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है. केरल और माहे में 17 से 23 नवंबर तक अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है. कर्नाटक के तटीय और आंतरिक इलाकों में 21 से 23 नवंबर के दौरान बारिश की संभावना है.
पूर्वी भारत: ओडिशा, बंगाल और झारखंड में बारिश बढ़ाएगी परेशानी
पूर्वी भारत में भी मौसम करवट लेने वाला है. ओडिशा में 18 नवंबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. 19 से 21 नवंबर के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 19 से 21 नवंबर के बीच बारिश का पूर्वानुमान है. झारखंड में 20 और 21 नवंबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका है. बिहार में 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 17 और 18 नवंबर को व्यापक बारिश का अनुमान है. इसके अलावा 19 से 23 नवंबर तक भी कुछ स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है. असम और मेघालय के आसपास मौसम प्रणालियों के कारण भी स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव संभव है.
उत्तर भारत: कोहरे की दस्तक, दिल्ली में 11 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
उत्तर भारत में फिलहाल बारिश की कोई बड़ी गतिविधि नहीं दिख रही है, लेकिन सुबह और रात के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 17 और 18 नवंबर को घना कोहरा छाने की संभावना है. इसके बाद 19 से 21 नवंबर तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में घने कोहरे का अलर्ट है.
दिल्ली-NCR में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. IMD के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है. इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
आने वाले दिनों में दिल्ली में ठंड और बढ़ने के संकेत हैं. 18 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री रहने का अनुमान है. वहीं 19 और 20 नवंबर को अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाने की भी संभावना है.
पश्चिम भारत: फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव का अनुमान नहीं
पश्चिम भारत के गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा और राजस्थान में इस सप्ताह मौसम में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है. IMD ने इन राज्यों के लिए किसी बड़ी बारिश की चेतावनी नहीं दी है. पश्चिमी और पूर्वोत्तर भारत में मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है.
हालांकि मध्य भारत में मौसम बदल सकता है. मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 21 और 22 नवंबर, पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 23 नवंबर और विदर्भ में 20 से 22 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 18 और 19 नवंबर के बाद 22 और 23 नवंबर को भी बारिश का अनुमान है. खास तौर पर 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश हो सकती है. इन दो दिनों में कुछ इलाकों में भारी बारिश और गरज-चमक की भी आशंका है.
कहां रेड अलर्ट, कहां सबसे ज्यादा खतरा?
IMD के चेतावनी के मुताबिक, 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड कैटेगरी वाला खतरा है. 20 नवंबर को भी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मौसम बेहद खराब रहने का अनुमान है. 21 नवंबर को छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी भारी बारिश की आशंका है, लेकिन इन क्षेत्रों में आंध्र प्रदेश जैसा चक्रवाती खतरा नहीं है.
आंध्र प्रदेश के प्रकाशम, बापटला, कृष्णा, पश्चिम गोदावरी, कोनासीमा और काकीनाडा जिलों के निचले इलाकों में तूफानी लहरों से पानी भरने का खतरा है. तूफान के तट से टकराने के दौरान समुद्र में सामान्य ज्वार से 1 से 2 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं. बापटला, कृष्णा और पश्चिम गोदावरी में 20 नवंबर की सुबह से दोपहर तक इसका सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है.
कहां बढ़ रही है ठंड, कहां कितना रहेगा तापमान?
उत्तर भारत में सर्दी की शुरुआत के संकेत मिलने लगे हैं. दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12 से 15 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है और अगले दो दिनों में इसके 11 से 13 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में घने कोहरे की संभावना भी है. कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में किसी बड़ी बारिश की चेतावनी नहीं है. हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर बना हुआ है.
मौसम का पूरा हिसाब: 18 से 23 नवंबर
* उत्तर भारत – यूपी में कोहरा, 19-21 नवंबर को दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा में घना कोहरा
* दक्षिण भारत – आंध्र प्रदेश में चक्रवात, तेलंगाना में भारी बारिश, तमिलनाडु में बारिश
* पूर्वी भारत – ओडिशा, बंगाल और झारखंड में बारिश
* मध्य भारत – छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ में बारिश
* पश्चिम भारत – गुजरात और महाराष्ट्र में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं
मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी: IMD ने दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 18 नवंबर तक, दक्षिण-पश्चिमी और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 20 नवंबर तक तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 19 और 20 नवंबर को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है.