Jaipur New Sanganer Road: हाईकोर्ट ने दिया 2 सप्ताह का अल्टीमेटम, आज 20 अवैध निर्माणों पर चलेगा JDA का बुलडोजर

Jaipur New Sanganer Road: हाईकोर्ट ने दिया 2 सप्ताह का अल्टीमेटम, आज 20 अवैध निर्माणों पर चलेगा JDA का बुलडोजर


Last Updated:

Jaipur JDA Bulldozer Action on New Sanganer Road Today: जयपुर में न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने के लिए आज सुबह 7 बजे से जेडीए का बुलडोजर एक्शन शुरू होगा. होटल लजीज से गुर्जर की थड़ी तक करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में मेट्रो पिलर नंबर 84 से 109 के बीच 20 अवैध निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे. कुल 50 चिन्हित निर्माणों में से 30 लोगों ने पहले ही खुद अतिक्रमण हटा लिया है. कार्रवाई के लिए जेडीए ने छह टीमें बनाई हैं. राजस्थान हाईकोर्ट ने दो सप्ताह में सड़क चौड़ी करने का आदेश दिया है, अन्यथा शीर्ष अधिकारियों को कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा.

ख़बरें फटाफट

Zoom

Jaipur JDA Bulldozer Action: न्यू सांगानेर रोड पर आज सुबह 7 बजे से गरजेगा बुलडोजर, 20 निर्माण होंगे ध्वस्त

जयपुर. राजधानी जयपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज यानी बुधवार सुबह से जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी. न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जेडीए का प्रवर्तन दस्ता आज सुबह 7 बजे से मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू करेगा. इस अभियान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

जेडीए की यह कार्रवाई मुख्य रूप से न्यू सांगानेर रोड पर होटल लजीज से लेकर गुर्जर की थड़ी तक के हिस्से में केंद्रित रहेगी. करीब एक किलोमीटर के इस व्यस्ततम दायरे में मेट्रो पिलर नंबर 84 से लेकर पिलर नंबर 109 तक सड़क की सीमा में आ रहे निर्माणों को हटाया जाएगा. इस मार्ग पर लंबे समय से अतिक्रमण और अवैध निर्माणों के कारण यातायात जाम की गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिससे आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. सड़क के 100 फीट चौड़ा होने से इस क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा.

30 लोगों ने स्वेच्छा से हटाए निर्माण, 20 पर चलेगा बुलडोजर
जेडीए अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, सड़क की निर्धारित 100 फीट चौड़ाई की जद में कुल 50 निर्माण आ रहे थे. प्रशासन द्वारा पूर्व में नोटिस जारी किए जाने और समझाइश के बाद इनमें से 30 निर्माणकर्ताओं ने अपने स्तर पर ही अतिक्रमण और अवैध हिस्से को हटा लिया है. हालांकि, शेष बचे 20 निर्माणों को अभी तक नहीं हटाया गया है, जिन पर आज सुबह जेडीए का बुलडोजर चलेगा. इसके लिए जेडीए ने छह विशेष टीमों का गठन किया है, जो अलग-अलग हिस्सों में एक साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम देंगी.

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद हरकत में आया प्रशासन
न्यू सांगानेर रोड को चौड़ा करने और अतिक्रमण मुक्त बनाने का यह पूरा मामला राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है. हाल ही में हुई सुनवाई के दौरान माननीय हाईकोर्ट ने इस मामले में बेहद सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन को पूरी सड़क 100 फीट चौड़ा करने के लिए दो सप्ताह की समय-सीमा दी है. कोर्ट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित दो सप्ताह की अवधि में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी नहीं होती है, तो अगली सुनवाई पर जेडीए आयुक्त, जेडीए सचिव और नगर निगम आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना होगा.

यातायात डायवर्जन और सुरक्षा के कड़े प्रबंध
आज सुबह 7 बजे शुरू होने वाली इस कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा. जेडीए के प्रवर्तन दस्ते के साथ स्थानीय पुलिस थाने का बल और अतिरिक्त रिजर्व पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहेगा. कार्रवाई के दौरान आमजन को असुविधा न हो, इसके लिए यातायात पुलिस द्वारा न्यू सांगानेर रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था भी की गई है.



Source link