बात 2019 की है. पिंकी ने जयपुर के पास रामसर पलावाला गांव में कुछ महिलाओं को अपने घरों के लिए सिलाई-कढ़ाई करते देखा. उनके पास हुनर था, लेकिन उससे कमाई का कोई जरिया नहीं था. पिंकी ने सोचा कि जो महिलाएं अपने परिवार के लिए इतनी अच्छी चीजें बना सकती हैं, वे बाजार के लिए प्रोडक्ट क्यों नहीं बना सकतीं? यहीं से फैक्ट्रियों से निकलने वाले फैब्रिक वेस्ट से प्रोडक्ट बनाने का आइडिया आया. पिंकी कहती हैं कि कपड़ा बनाते वक्त फैक्ट्रियां 30 फीसदी कपड़ा बर्बाद कर देती हैं. पूरी दुनिया में हर साल करीब 1.7 करोड़ टन ऐसा फैब्रिक वेस्ट निकलता है. यह बिल्कुल नया कपड़ा होता है, जो कटिंग के दौरान बच जाता है. हमने इसी का इस्तेमाल करने को ठानी और आज नतीजा सबके सामने है.
Mysa मतलब ‘मां जैसा’
कंपनी कैसे बनाती है प्रोडक्ट
कंपनी छंटाई के बाद कपड़े को ग्रामीण महिलाओं तक पहुंचाती है. उन्हें प्रोडक्ट की डिजाइन समझाई जाती है. कपड़े के छोटे-छोटे टुकड़ों को आपस में सिलकर पैचवर्क प्रोडक्ट बनाए जाते हैं. लंबे टुकड़ों को आपस में जोड़कर रस्सी तैयार की जाती है. इन रस्सियों से क्रोशिया और मैक्रेमे के प्रोडक्ट बनाए जाते हैं. वहीं, कपड़े के बड़े टुकड़ों का इस्तेमाल खिलौने बनाने में होता है. इस तरह एक ही तरह के कचरे से कई तरह के प्रोडक्ट तैयार हो जाते हैं. यहां डिजाइन की भूमिका भी अहम है. क्योंकि कतरन का रंग, आकार और बनावट हर बार एक जैसी नहीं होती. ऐसे में उपलब्ध कपड़े के हिसाब से उत्पाद तैयार करने पड़ते हैं.
100 महिलाओं को मिला काम
Mysa ने 100 से ज्यादा महिलाओं की जिंदगी बदल दी है. ये महिलाएं सीधे कंपनी में नौकरी नहीं करतीं. ये घर में अपना काम करती हैं और पार्ट टाइम में ये प्रोडक्ट बनाती हैं. कंपनी की ओर से डिजाइन और काम के हिसाब से कपड़े की कतरन उपलब्ध कराई जाती है. महिलाएं उससे प्रोडक्ट बनाती हैं और इसके बदले उन्हें कमाई होती है. कहा जाता है कि हजारों की संख्या में महिलाएं इस मुहिम से जुड़ना चाहती हैं, लेकिन कतरन की कमी की वजह से वे जुड़ नहीं पातीं.